N1Live Entertainment अर्जुन रामपाल ने मां ग्वेन को किया याद, बर्थडे पर शेयर की इमोशनल पोस्ट
Entertainment

अर्जुन रामपाल ने मां ग्वेन को किया याद, बर्थडे पर शेयर की इमोशनल पोस्ट

अभिनेता अर्जुन रामपाल ने शुक्रवार को अपनी मां ग्वेन रामपाल के जन्मदिन के अवसर पर उन्हें याद करते हुए जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। साथ ही, बताया कि वे आज भी परिवार के साथ मिलकर उनका जन्मदिन मनाते हैं। अभिनेता ने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर पोस्ट की, जिसमें वह अपनी मां के साथ नजर आ रहे हैं। अभिनेता ने लिखा, “जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं मां, आज भी हम सब आपको याद करके आपका जन्मदिन मनाते हैं। मुझे आपकी बहुत याद आती है क्योंकि आपके जैसा कोई नहीं है। मुझे पता है आप हमेशा मेरे साथ हैं।”

अभिनेता की मां ग्विन रामपाल पेशे से एक स्कूल टीचर थीं और उन्होंने देवलाली (नासिक) के सेंट पैट्रिक स्कूल में पढ़ाया था। ग्वेन रामपाल का लंबी बीमारी के बाद 27 अक्टूबर 2018 को निधन हो गया था। वह ट्रिपल नेगेटिव ब्रेस्ट कैंसर से पीड़ित थीं। उन्होंने इस बीमारी के खिलाफ लंबी और कड़ी जंग लड़ी थी।

अभिनेता की बात करें, तो ‘धुरंधर’ और इसके सीक्वल की सफलता के बाद हाई-ऑक्टेन सरवाइवल थ्रिलर ड्रामा फिल्म ‘ऑपरेशन गंगा’ में नजर आएंगे। इस फिल्म में अभिनेता मलयालम सुपस्टार मोहनलाल भी होंगे। इसके अलावा, भाग्यश्री बोरसे, एक्टर पार्थिबन और आदिल हुसैन भी नजर आएंगे।

पहले फिल्म का नाम अस्थायी तौर पर ‘एल367’ था, बाद में इसका नाम ‘ऑपरेशन गंगा’ रखा गया। ‘ऑपरेशन गंगा’ भारत के उस बचाव मिशन को कहा जाता है, जिसे रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों, जिनमें हजारों छात्र भी शामिल थे, को वापस लाने के लिए शुरू किया गया था। ‘ए नेशन’स प्रॉमिस’ टैगलाइन वाली फिल्म ‘ऑपरेशन गंगा’, अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर भारत द्वारा चलाए गए सबसे साहसिक और दिलचस्प ऑपरेशनों में से एक पर आधारित होगी।

फिल्म का निर्माण ‘श्री गोकुलम मूवीज’ के बैनर तले किया जा रहा है। एक्शन डायरेक्टर सी यंग ओह फिल्म के एक्शन सीन कोरियोग्राफ करेंगे, जिन्होंने ‘धुरंधर’ और ‘किल’ में काम किया है। म्यूजिक कंपोजर शाश्वत सचदेव हैं, जो पैन-इंडिया फिल्म ‘धुरंधर’ की सफलता के बाद अब ‘ऑपरेशन गंगा’ का म्यूजिक दे रहे हैं।

Exit mobile version