N1Live National असम: प्रचंड बहुमत के बाद सरकार गठन की तैयारी तेज, भाजपा ने नड्डा और सैनी को सौंपी जिम्मेदारी
National

असम: प्रचंड बहुमत के बाद सरकार गठन की तैयारी तेज, भाजपा ने नड्डा और सैनी को सौंपी जिम्मेदारी

Assam: After a landslide victory, preparations for government formation accelerate, with the BJP assigning responsibility to Nadda and Saini.

5 मई । असम विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत हासिल करने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सरकार गठन की प्रक्रिया तेज कर दी है। पार्टी ने विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक और सह-पर्यवेक्षक नियुक्त किए हैं।

भाजपा की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, संसदीय बोर्ड ने केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा को असम में विधायक दल के नेता के चुनाव हेतु केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। नड्डा केंद्र सरकार में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री के साथ-साथ रसायन एवं उर्वरक मंत्री भी हैं।

वहीं, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को केंद्रीय सह-पर्यवेक्षक बनाया गया है, जो इस प्रक्रिया में सहयोग करेंगे।

असम में भाजपा को स्पष्ट और निर्णायक जनादेश मिला है। 126 सदस्यीय विधानसभा में पार्टी ने 82 सीटें जीतकर लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की स्थिति मजबूत कर ली है। कांग्रेस को 19 सीटों पर संतोष करना पड़ा, जबकि असम गण परिषद (एजीपी) और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) को 10-10 सीटें मिलीं। अन्य दलों में एआईयूडीएफ और रायजोर दल ने 2-2 सीटें जीतीं, जबकि तृणमूल कांग्रेस को एक सीट मिली।

इस चुनाव में मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने अपनी जालुकबारी सीट 89,434 वोटों के भारी अंतर से जीतकर अपना दबदबा बरकरार रखा। इसके अलावा भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने भी शानदार प्रदर्शन किया।

दूसरी ओर, कांग्रेस के कई दिग्गज नेताओं को करारी हार का सामना करना पड़ा। गौरव गोगोई जोरहाट सीट से हार गए, जबकि वरिष्ठ नेता देबब्रत सैकिया भी अपनी सीट नहीं बचा सके।

चुनाव परिणामों ने साफ कर दिया है कि राज्य में भाजपा का जनाधार और मजबूत हुआ है। लगातार तीसरी बार सरकार बनाने जा रही भाजपा के लिए अब विधायक दल के नेता का चयन अगला अहम कदम होगा, जिसके बाद नई सरकार के गठन की औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी।

Exit mobile version