March 13, 2026
National

असम : पीएम मोदी के गुवाहाटी दौरे को लेकर लोगों में उत्साह, भूमि पट्टा वितरण से लाभार्थियों में खुशी

Assam: People are excited about PM Modi’s visit to Guwahati, beneficiaries are happy with the distribution of land pattas

13 मार्च । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को असम के गुवाहाटी में भूमिहीन लोगों को जमीन के पट्टे वितरित करेंगे। इस दौरान पीएम किसान योजना की 22वीं किस्त भी जारी होगी। प्रधानमंत्री के इस दौरे को लेकर राज्य में लोगों के बीच खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। कई लाभार्थियों का कहना है कि वे लंबे समय से इस पल का इंतजार कर रहे थे और अब जमीन का मालिकाना हक मिलने से उनके जीवन में बड़ा बदलाव आएगा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस पहल से खासतौर पर चाय बागानों में काम करने वाले भूमिहीन मजदूरों और आदिवासी समुदायों को बड़ी राहत मिलेगी। लाभार्थियों का मानना है कि जमीन के पट्टे मिलने से उन्हें स्थायी पहचान और सुरक्षा मिलेगी, जिससे उनके परिवार का भविष्य बेहतर हो सकेगा।

लखीराम ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि जमीन के पट्टे वितरित किए जाने के लिए वह प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद देते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने हर वर्ग के लोगों के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं और उनके नेतृत्व में देश के हर क्षेत्र में विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों से लोग संतुष्ट हैं और आगे भी वे इसी सरकार का समर्थन करेंगे।

असम के निवासी घनश्याम ने कहा कि जिन लोगों के पास जमीन नहीं है और जो चाय बागानों में काम करते हैं, उन्हें अब जमीन मिलेगी। उन्होंने कहा कि पहले किसी भी सरकार ने भूमि पट्टे के मुद्दे पर गंभीरता से काम नहीं किया, लेकिन अब यह पहल की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की किस्त जारी होने से किसानों को आर्थिक सहायता मिलेगी, जिससे वे अपनी जरूरत के अनुसार खाद और बीज खरीद सकेंगे। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।

वहीं, महिलाओं ने भी केंद्र सरकार की योजनाओं की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री का धन्यवाद किया। उनका कहना है कि महिलाओं के हित में जो कार्य किए गए हैं, वे अन्य सरकारों ने नहीं किए। महिलाओं का मानना है कि प्रधानमंत्री मोदी उनकी समस्याओं और जरूरतों को समझते हैं और उनके समाधान के लिए काम करते हैं।

डिब्रूगढ़ निवासी मृत्युंजय ने कहा कि आज पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है, क्योंकि चाय बागानों में रहने वाले आदिवासी समुदाय को भूमि पट्टा मिलने जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब प्रधानमंत्री खुद भूमि पट्टों का आवंटन करेंगे तो लोगों की खुशी और बढ़ जाएगी।

जतिन ने कहा कि वह भारत सरकार और असम सरकार को भूमिहीन लोगों को जमीन का पट्टा देने के लिए बधाई देते हैं। उन्होंने कहा कि पहले कई राजनीतिक दलों ने किसानों और गरीबों से वादे किए, लेकिन उन्हें पूरा नहीं किया गया। उनके अनुसार अब सरकार बनने के बाद कई वादे धरातल पर पूरे होते दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की किस्त जारी होने से किसानों को आर्थिक मजबूती मिल रही है और इससे उनकी खेती-किसानी से जुड़ी जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलती है।

Leave feedback about this

  • Service