August 22, 2026
Entertainment

‘लापता लेडीज’ फेम सतेंद्र सोनी से मारपीट मामला, डायरेक्टर पुष्पेंद्र सिंह और प्रगति चौहान पर केस

Assault case involving ‘Laapataa Ladies’ actor Satendra Soni; case registered against director Pushpendra Singh and Pragati Chauhan.

‘लापता लेडीज’ में छोटू का किरदार निभाकर पहचान बनाने वाले अभिनेता सतेंद्र सोनी से मारपीट और धमकी के मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। मुंबई की ओशिवारा पुलिस ने डायरेक्टर पुष्पेंद्र रामलखन सिंह और प्रगति चौहान के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

इस पूरे मामले में ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन (एआईसीडब्ल्यूए) ने भी सतेंद्र सोनी का समर्थन किया है। प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेश श्यामलाल गुप्ता ने कहा, ”सतेंद्र का रोते हुए वीडियो सामने आया था, जिसमें सतेंद्र काफी डरे हुए नजर आ रहे थे और उन्होंने अपने साथ मारपीट, धमकी मिलने और जान का खतरा होने की बात कही थी। मैंने वीडियो देखने के बाद उन्हें फोन किया, लेकिन वह उस समय काफी घबराए हुए थे और फोन नहीं उठा पाए। बाद में रात में मेरी बात हुई। मैंने सतेंद्र को भरोसा दिलाया कि उन्हें डरने की जरूरत नहीं है और एआईसीडब्ल्यूए की पूरी टीम उनके साथ खड़ी है।”

उन्होंने आगे कहा, ”इसके बाद मैंने महाराष्ट्र के गृह राज्यमंत्री योगेश कदम से भी फोन पर बात की और पूरे मामले की जानकारी दी। मैंने उन्हें बताया कि मामला गंभीर है और इससे जुड़े वीडियो सामने आने के बाद यह खबर कई न्यूज चैनलों पर चल रही है, जिसके बाद गृह राज्यमंत्री ने हमें अगले दिन बुलाया। मुलाकात के दौरान हमने पूरा मामला उनके सामने रखा। इसके बाद कार्रवाई के निर्देश दिए गए और ओशिवारा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज हुआ। अब पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच करेगी और मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ समेत आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”

दरअसल, कुछ समय पहले सतेंद्र सोनी ने मध्य प्रदेश के मैहर में एक फिल्म की शूटिंग के दौरान कथित विवाद को लेकर सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर किया था। अभिनेता का आरोप था कि उन्होंने फिल्म के लिए आठ दिन तक शूटिंग की, लेकिन उन्हें तय भुगतान नहीं मिला। उन्हें शुरुआत में 50 हजार रुपए साइनिंग अमाउंट दिया गया था और बाकी पैसे शूटिंग के बाद देने की बात कही गई थी।

सतेंद्र ने आरोप लगाया था कि जब उन्होंने बाकी पैसे मांगे तो उन्हें पैकअप करने के लिए कहा गया और धमकी दी गई। अपने वीडियो में अभिनेता इतने परेशान नजर आए कि वह रो पड़े। उन्होंने अपनी सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई थी।

बाद में सतेंद्र ने एक और अपडेट शेयर करते हुए बताया था कि वह अपने दो साथी कलाकारों के साथ सुरक्षित मुंबई लौट आए हैं। उन्होंने इस दौरान मैहर पुलिस और उन लोगों का भी आभार जताया था, जिन्होंने उन्हें सुरक्षित लौटने में मदद की।

सुरेश श्यामलाल गुप्ता ने फिल्म इंडस्ट्री के दूसरे लोगों को भी सख्त चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि किसी भी अभिनेता या वर्कर को परेशान किया गया तो एसोसिएशन उसके खिलाफ कार्रवाई करेगी, चाहे प्रोड्यूसर छोटा हो या बड़ा। उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में कलाकारों के शोषण का मुद्दा उठाते हुए कहा कि जो लोग अपनी आवाज उठाते हैं, कई बार उन्हें काम मिलना बंद हो जाता है।

सतेंद्र सोनी को ‘लापता लेडीज’ में छोटू के किरदार से खास पहचान मिली थी। इसके अलावा वह ‘डॉक्टर जी’, ‘बवाल’, ‘अब तो भगवान भरोसे’, ‘वनवास’ और ‘मिर्जापुर’ जैसे प्रोजेक्ट्स में भी नजर आ चुके हैं।

Leave feedback about this

  • Service