6 मार्च । मशहूर फिल्म निर्देशक अनुभव सिन्हा अपने विचारों और शानदार व्यक्तित्व को लेकर फैंस के दिलों में खास पहचान रखते हैं। उनकी फिल्में समाज को आइना दिखाती हैं और लोगों को सोचने पर भी मजबूर कर देती हैं। इसका जीता-जागता उदाहरण उनकी हालिया रिलीज फिल्म ‘अस्सी’ है।
यह फिल्म रिलीज के बाद से ही दर्शकों और फिल्मी प्रेमियों के दिलों में उतर गई है और कहीं न कहीं लोगों को खास मैसेज कर रही है। फिल्म अपने साथ एक सवाल उठाती है, “उस रात वो घर क्यों नहीं लौटी?” यह मैसेज समाज में महिलाओं की सुरक्षा और न्याय व्यवस्था पर सवाल उठाता है।
निर्देशक अनुभव सिन्हा ने इस फिल्म के जरिए उन सच्चाइयों को पर्दे पर उतारा है जिन्हें बहुत कम लोग बताते हैं। फिल्म की कहानी और एक्टर्स के अभिनय की हर तरफ तारीफ हो रही है। मनोरंजन जगत के कई लोग भी इसकी प्रशंसा कर रहे हैं। इसी कड़ी में अभिनेत्री दिया मिर्जा ने इंस्टाग्राम के जरिए अनुभव सिन्हा और फिल्म की जमकर तारीफ की। उन्होंने स्टोरीज सेक्शन पर फिल्म के एक कोर्ट सीन को शेयर करते हुए लिखा, “धन्यवाद, अनुभव सिन्हा। आप वहां जाते हैं जहां जाने की हिम्मत बहुत कम लोग करते हैं। आप वो बातें कहते हैं जिन्हें कहने की हिम्मत बहुत कम लोग जुटा पाते हैं, लेकिन सबसे बड़ी बात यह है कि आप अपने दिल की आवाज सुनते हैं।
‘अस्सी’ हमारे समय की सबसे महत्वपूर्ण फिल्मों में से एक है। इस फिल्म का हर शब्द, हर ठहराव और हर पल दिल को गहराई से छूता है। फिल्म में हर कलाकार का अभिनय बिल्कुल सच्चा और प्रभावशाली है। टीम अस्सी के लिए दिल से बहुत-बहुत आभार। अनुभव सिन्हा जिंदाबाद।”
फिल्म की बात करें तो इसमें अभिनेत्री तापसी पन्नू ने एक वकील की भूमिका अदा की है। अभिनेत्री के अलावा फिल्म में कनी कुसरुति, रेवती, मनोज पाहवा, कुमुद मिश्रा और मोहम्मद जीशान अय्यूब नजर आएंगे। फिल्म में नसीरुद्दीन शाह, सुप्रिया पाठक और सीमा पाहवा के स्पेशल अपीयरेंस भी हैं।
अनुभव सिन्हा के निर्देशन में तैयार फिल्म को गुलशन कुमार और टी-सीरीज पेश कर रहे हैं। यह बनारस मीडिया वर्क्स का प्रोडक्शन है, जिसे भूषण कुमार, कृष्ण कुमार, और अनुभव सिन्हा ने प्रोड्यूस किया है। भले ही फिल्म को हर जगह से तारीफ मिल रही है लेकिन फिल्म बॉक्स ऑफिस पर खास कमाई नहीं कर पा रही है। फिल्म को देखने के लिए अभिनेत्री तापसी पन्नू ने सभी से अपील भी की थी।

