N1Live Entertainment करियर के पीक पर श्रीदेवी ने लिया ऐसा फैसला, जिसने 15 साल बाद रच दिया इतिहास
Entertainment

करियर के पीक पर श्रीदेवी ने लिया ऐसा फैसला, जिसने 15 साल बाद रच दिया इतिहास

At the peak of her career, Sridevi took a decision that created history 15 years later.

24 फरवरी । बॉलीवुड की दिवंगत अभिनेत्री श्रीदेवी का जादू आज भी लोगों के सिर चढ़कर बोलता है। उन्होंने अपने करियर में कई फिल्मों में काम किया, लेकिन 1990 के दशक के अंत में उन्होंने फिल्मों से दूरी बना ली। तब शायद उन्हें खुद भी नहीं पता था कि उनका यह फैसला सिनेमा में इतिहास रच देगा और परिवार के लिए लिया गया यह ब्रेक उनके जीवन का सबसे बड़ा बदलाव साबित होगा।

श्रीदेवी ने निजी जीवन को प्राथमिकता देने के लिए इंडस्ट्री से दूरी बनाने का कदम ऐसे वक्त पर उठाया, जब वह अपने करियर के शिखर पर थीं। ब्रेक के 15 साल बाद उन्होंने ‘इंग्लिश विंग्लिश’ जैसी फिल्म के साथ वापसी करने का फैसला लिया और वही निर्णय उनके जीवन के सबसे प्रेरक अध्यायों में से एक बन गया।

श्रीदेवी ने ‘इंग्लिश विंग्लिश’ के बारे में कई इंटरव्यूज में बताया था कि यह फिल्म उनके लिए सिर्फ एक कमबैक नहीं थी, बल्कि एक नया दृष्टिकोण, नई प्रतिबद्धता और नई चुनौती थी।

उन्होंने कहा था, ”मैंने इस फिल्म को इसलिए चुना क्योंकि ये स्क्रिप्ट मेरे दिल को छू गई और यह भूमिका कहीं न कहीं मुझे बेहद करीब महसूस हुई।”

इस फिल्म में श्रीदेवी ने शशि गोडबोले नाम की एक गृहिणी का किरदार निभाया, जो अंग्रेजी भाषा नहीं बोल पाती और इसी वजह से अपने परिवार और समाज के सामने छोटे‑छोटे अपमान सहन करती है। शशि जब अंग्रेजी सीखने का फैसला लेती है, तो इससे उसे आत्मविश्वास मिलता है। इस किरदार ने ऐसे लाखों लोगों का प्रतिनिधित्व किया, जो रोजाना भाषा संबंधित बाधाओं का सामना करते हैं।

श्रीदेवी ने एक इंटरव्यू में बताया कि ‘इंग्लिश विंग्लिश’ में काम करते समय उन्हें ऐसा महसूस हुआ कि वह फिर से एक नए कलाकार की तरह फिल्म सेट पर लौट रही हैं। लोगों से मिली प्रतिक्रिया एक ऐसा अनुभव था जिसकी उन्होंने कामना भी नहीं की थी। ‘इंग्लिश विंग्लिश’ अलग‑अलग देशों में सराही गई। फिल्म को आलोचकों और दर्शकों दोनों ने पसंद किया था।

Exit mobile version