N1Live Entertainment एटली और प्रिया ने बेटी के नाम का किया खुलासा, बोले-‘हमारे प्यार को अब एक खूबसूरत नाम मिल गया’
Entertainment

एटली और प्रिया ने बेटी के नाम का किया खुलासा, बोले-‘हमारे प्यार को अब एक खूबसूरत नाम मिल गया’

Atlee and Priya reveal their daughter's name, saying, "Our love has now found a beautiful name."

साउथ सिनेमा के मशहूर निर्देशक एटली इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर खूब चर्चा में हैं। ब्लॉकबस्टर फिल्मों के लिए पहचाने जाने वाले एटली के घर हाल ही में दूसरी बार किलकारी गूंजी। उनकी पत्नी प्रिया एटली ने एक प्यारी सी बेटी को जन्म दिया। अब इस कपल ने अपनी नवजात बेटी के नाम का खुलासा कर दिया है।

रविवार को एटली और प्रिया ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक ज्वाइंट पोस्ट किया। इस पोस्ट में एक तस्वीर साझा की गई, जिसमें उनकी नवजात बेटी के छोटे से हाथ दिखाई दे रहे हैं। इस तस्वीर के ऊपर लिखा गया है- ‘एक नन्ही सी जान, लेकिन हमारे दिल में उसकी जगह सबसे बड़ी है।’

इस पोस्ट में कपल ने आगे कहा, ”हमारे प्यार को अब एक खूबसूरत नाम मिल गया है… ‘मियू’… इस नाम का मतलब सुंदरता, कोमलता और प्यार होता है।”

बता दें कि इससे पहले 20 अप्रैल को भी एटली और प्रिया ने अपने फैंस को बड़ी खुशखबरी दी थी। उस समय उन्होंने सोशल मीडिया पर एक खास पोस्ट साझा कर बताया था कि उनके घर बेटी का जन्म हुआ है। उस पोस्ट में उनके बेटे मीर की एक प्यारी ड्राइंग दिखाई गई थी। ड्राइंग के जरिए बताया गया कि अब मीर को एक छोटी बहन मिल गई है।

इसी साल जनवरी में एटली और प्रिया ने एक खूबसूरत फैमिली फोटोशूट की तस्वीरें पोस्ट की थीं, जिनमें एटली, प्रिया और उनका बेटा मीर साथ दिखाई दे रहे थे। इन तस्वीरों के साथ उन्होंने लिखा था कि उनका घर अब पहले से ज्यादा खुशियों और प्यार से भरने वाला है, क्योंकि परिवार में एक नया सदस्य आने वाला है। उन्होंने फैंस से प्यार, दुआ और आशीर्वाद देने की अपील भी की थी।

एटली और प्रिया की प्रेम कहानी भी काफी खास है। दोनों ने कई सालों तक एक-दूसरे को डेट किया और फिर साल 2014 में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ शादी के बंधन में बंध गए। शादी में परिवार और करीबी दोस्त शामिल हुए थे। इसके बाद साल 2023 में उनके बेटे मीर का जन्म हुआ और अब बेटी के आने से परिवार बेहद खुश है।

Exit mobile version