N1Live National बेलगावी के जिमखाना क्लब में फायरिंग की कोशिश, हमले का घटनाक्रम सीसीटीवी में कैद
National

बेलगावी के जिमखाना क्लब में फायरिंग की कोशिश, हमले का घटनाक्रम सीसीटीवी में कैद

Attempted shooting at Belagavi's Gymkhana Club; sequence of events captured on CCTV.

15 जुलाई । कर्नाटक के बेलगावी में पुलिस आयुक्त कार्यालय के पास स्थित जिमखाना क्लब में गोलीबारी की कोशिश का मामला सामने आया है। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पांच हमलावर जिमखाना क्लब पहुंचे थे। इनमें से दो बाहर ही खड़े रहे जबकि तीन लोग क्लब के अंदर चले गए। उस समय सुरेश जलगर क्लब में ताश खेल रहे थे। आरोप है कि हमलावरों ने पहले बंदूक की बट से सुरेश जलगर के सिर पर हमला किया और इसके बाद उन्हें गोली मारने की कोशिश की।

बताया जा रहा है कि सुरेश जलगर ने हमलावर को धक्का दे दिया और मौके का फायदा उठाकर वहां से भाग निकले। इसी वजह से उनकी जान बच गई। सीसीटीवी फुटेज में दो हथियारबंद हमलावर क्लब के अंदर बंदूक लेकर सुरेश जलगर का पीछा करते हुए दिखाई दे रहे हैं। फुटेज में यह भी देखा जा सकता है कि आरोपी बिना किसी डर के हथियार लेकर पूरे परिसर में घूम रहे थे।

पुलिस के अनुसार, सुरेश जलगर के भाग जाने के बाद आरोपी क्लब से बाहर निकले और हवा में दो गोलियां चलाने के बाद मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही बेलगावी के पुलिस आयुक्त भूषण बोरासे मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली। इसके बाद पुलिस ने पूछताछ के लिए सुरेश जलगर को हिरासत में लिया।

पूछताछ के दौरान सुरेश जलगर ने आरोप लगाया कि उन पर हमला प्रफुल्ल पाटिल के साथियों ने किया। उनके अनुसार, यह हमला पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए किया गया। उन्होंने दावा किया कि इससे पहले हुई एक गोलीबारी की घटना में उन्होंने कथित तौर पर प्रफुल्ल पाटिल पर गोली चलाई थी, जिसके बाद यह हमला किया गया।

यह घटना कैंप थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।

Exit mobile version