N1Live Entertainment फिक्की फ्रेम्स 2026 में नजर आए आयुष्मान खुराना बोले-नए टैलेंट को मिल रहा है भरपूर मौका
Entertainment

फिक्की फ्रेम्स 2026 में नजर आए आयुष्मान खुराना बोले-नए टैलेंट को मिल रहा है भरपूर मौका

फिक्की फ्रेम्स 26वें संस्करण में अभिनेता आयुष्मान खुराना ने शिरकत की। इस दौरान उन्होंने इवेंट की खास बातों, अपनी आने वाली फिल्म और सूरज बड़जात्या के साथ काम करने के अनुभवों को साझा किया। अभिनेता ने आईएएनएस के साथ बातचीत में कहा, “भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के लिए फिक्की फ्रेम्स बहुत जरूरी है और एक अम्बेसडर के तौर मैं कहना चाहूंगा कि जितना नया टैलेंट आज के समय आ रहा है और उन्हें जो प्रोत्साहन मिल रहा है, वह काबिल-ए-तारीफ है। पहले इसका स्तर बहुत सीमित हुआ करता था लेकिन अब एंटरटेनमेंट मीडिया और फिल्म इंडस्ट्री इतनी बढ़ गई है कि आज के समय जिस किसी के पास जो टैलेंट है, उसे वह अपने फोन से दिखा सकता है, तो मुझे लगता है कि यह आज के टैलेंट के लिए बहुत ही अच्छा हो गया है।”

उन्होंने अपनी फिल्म ‘उड़ता तीर’ को लेकर कहा, “मेरी एक बहुत ही अच्छी फिल्म ‘उड़ता तीर’ आ रही है। इसकी कहानी बहुत ही अलग है यह भारत की पहली पैट्रियोटिक-कॉमेडी फिल्म है, जहां पर मैं पाकिस्तानी स्पाई बना हूं और भारत में आकर अपनी याद्दाश्त खो देता हूं। फिर मैं भारत के लिए लड़ने लगता हूं, तो यह फिल्म एक तरह से उसे देशभक्ति की याद दिलाती है लेकिन देश कौन सा है, वह यह भूल जाता है।”

अभिनेता ने अपनी आगामी फिल्म ‘प्रेम मोल लिया’ और निर्देशक सूरज बड़जात्या के साथ काम करने के अनुभव को शेयर करते हुए कहा, “मेरी फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ 27 नवंबर को आ रही है और इस फिल्म का ट्रेलर दीवाली पर आ रहा है। निर्देशक सूरज बड़जात्या के साथ काम करके बहुत खुश हूं क्योंकि वे बहुत ही लीजेंड्री डायरेक्टर हैं। उनकी बहुत ही बड़ी लिगेसी रही है और परिवारों को जोड़ने की उनके अंदर बहुत बड़ी क्षमता है, जो इस फिल्म के जरिए आपको देखने को मिलेगी।”

फिक्की फ्रेम्स 2026 का 26वां संस्करण 29 और 30 सितंबर को मुंबई के ग्रैंड हयात होटल में आयोजित किया जा रहा है। इस सम्मेलन में अजय देवगन, आयुष्मान खुराना और राजकुमार राव सहित कई जाने-माने कलाकार और उद्योग विशेषज्ञ शामिल हुए हैं।

Exit mobile version