N1Live Entertainment बाबा और तन्वी आजमी की शादी के 41 साल पूरे, शबाना आजमी ने शेयर की खूबसूरत तस्वीर
Entertainment

बाबा और तन्वी आजमी की शादी के 41 साल पूरे, शबाना आजमी ने शेयर की खूबसूरत तस्वीर

Baba and Tanvi Azmi mark 41 years of marriage; Shabana Azmi shares a beautiful photo.

अभिनेत्री शबाना आजमी ने अपने भाई सिनेमैटोग्राफर व फिल्ममेकर बाबा आजमी और भाभी तन्वी आजमी को उनकी शादी की 41वीं सालगिरह पर शुभकामनाएं दी हैं। दंपति ने 18 जून को अपनी वैवाहिक जीवन की 41वीं वर्षगांठ मनाई। शबाना आजमी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बाबा आजमी और तन्वी आजमी की एक खूबसूरत तस्वीर साझा की। तस्वीर में दोनों मुस्कुराते हुए कैमरे के लिए पोज देते नजर आ रहे हैं।

तस्वीर साझा करते हुए शबाना ने लिखा, “हैप्पी 41वीं वेडिंग एनिवर्सरी तन्वी और बाबा। जीते रहो, खुश रहो, बहुत सारा प्यार और दुआएं।” बाबा आजमी हिंदी फिल्म उद्योग के जाने-माने सिनेमैटोग्राफर और फिल्ममेकर हैं। उन्होंने बतौर सिनेमैटोग्राफर कई सफल फिल्मों में काम किया है, जिनमें मिस्टर इंडिया, तेजाब, बेटा, दिल, पुकार और इश्क विश्क जैसी फिल्में शामिल हैं।

वहीं, तन्वी आजमी ने अपने लंबे अभिनय करियर में कई उल्लेखनीय फिल्मों और परियोजनाओं में काम किया है। इनमें अकेले हम अकेले तुम, बाजीराव मस्तानी, थप्पड़, त्रिभंगा और दिल दोस्ती आदि शामिल हैं। तन्वी आजमी को बाजीराव मस्तानी में उनके शानदार अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार भी मिल चुका है। इस फिल्म में उन्होंने अभिनेता रणवीर सिंह की मां की भूमिका निभाई थी।

बाबा आजमी और शबाना आजमी प्रख्यात शायर और गीतकार कैफी आजमी के बच्चे हैं। शबाना आजमी अक्सर अपने पिता को श्रद्धांजलि देने के लिए निजी साहित्यिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन करती हैं, जहां वह उनकी कविताएं और शायरी सुनाती हैं। पांच दशकों से अधिक लंबे करियर वाली शबाना आजमी भारतीय सिनेमा की सबसे बेहतरीन अभिनेत्रियों में गिनी जाती हैं। निजी जीवन में उनकी शादी मशहूर पटकथा लेखक और गीतकार जावेद अख्तर से हुई है।

Exit mobile version