8 जुलाई । कांग्रेस के पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल ने राज्य इकाई में अंदरूनी कलह की अटकलों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि संगठन में कोई गुटबाजी नहीं है। सभी नेता पंजाब कांग्रेस कमेटी के नए अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के साथ मजबूती से खड़े हैं। बघेल ने बताया कि चरणजीत सिंह चन्नी और सुखजिंदर सिंह रंधावा समेत अन्य नेताओं के साथ बातचीत जारी रहेगी।
भूपेश बघेल ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “राज्य इकाई के कुछ नेताओं से मुलाकात हुई है और विस्तृत चर्चा की गई। पिछले दिनों पंजाब कांग्रेस कमेटी की भी एक बैठक हुई। इसके बाद जिला अध्यक्षों के साथ बैठक की गई। दोनों कमेटियों ने आलाकमान के फैसलों का स्वागत किया। सभी ने राजा वड़िंग को पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष के तौर पर फिर से नियुक्त किए जाने पर बधाई दी और शुभकामनाएं दीं।”
उन्होंने आगे कहा, “बैठकें अभी चल रही हैं और आगे भी जारी रहेंगी। अलग-अलग कमेटियों की बैठकें हो रही हैं और हमारे विभिन्न फ्रंटल संगठनों के साथ भी बैठकें तय हैं। इसके अलावा, मैं अगले एक-दो दिनों में कई वरिष्ठ नेताओं के साथ आमने-सामने बैठकें भी कर रहा हूं।”
राज्य इकाई में गुटबाजी की खबरों को खारिज करते हुए भूपेश बघेल ने कहा कि कांग्रेस अपने केंद्रीय नेतृत्व के तहत एकजुट है। कांग्रेस में एक धड़े की नाराजगी पर बघेल ने कहा, “ऐसा कुछ भी नहीं है। सभी लोग कांग्रेस धड़े के हैं। यहां कांग्रेस एक है। हमारे नेता राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे हैं। उनके अलावा कोई और नहीं है।”
चरणजीत सिंह चन्नी और सुखजिंदर सिंह रंधावा को लेकर उन्होंने कहा, “मेरी दोनों से फोन पर बात हुई है। एक-दो दिन में हम लोग मिलेंगे और बैठक होगी। उनके साथ कमेटियों के बारे में भी चर्चा की जाएगी। आगामी चुनावों पर भी बात की जाएगी।”
यह बयान ऐसे समय में आया है, जब पंजाब कांग्रेस में हालिया संगठनात्मक फेरबदल को लेकर अंदरूनी खींचतान की चर्चाएं रहीं। राज्य इकाई में अंदरूनी मतभेदों की खबरों के बीच पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के करीबी माने जाने वाले नेताओं ने अभी तक भूपेश बघेल से मुलाकात नहीं की है।

