N1Live National बलियाः पुजारी को बंधक बनाकर लूटने वाले 5 बदमाश गिरफ्तार, मुठभेड़ में 2 को लगी गोली
National

बलियाः पुजारी को बंधक बनाकर लूटने वाले 5 बदमाश गिरफ्तार, मुठभेड़ में 2 को लगी गोली

उत्तर प्रदेश के बलिया जिले की रसड़ा पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में मंदिर में लूटपाट करने वाले दो आरोपी घायल हो गए, जबकि तीन अन्य को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने लखनेश्वर डीह शिव मंदिर से चुराए गए चांदी के आभूषण, दो देसी पिस्तौल, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई गाड़ी बरामद की है। घायल आरोपियों का जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) दिनेश कुमार शुक्ला ने बताया, “अपराधियों के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत शुक्रवार को रसड़ा थाने की पुलिस आम घाट की ओर जाने वाली सड़क पर लखनेश्वर डीह मंदिर के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना रजिस्ट्रेशन नंबर प्लेट वाली एक इनोवा कार आती दिखी। पुलिस ने जब उसे रुकने का इशारा किया, तो गाड़ी नहीं रुकी और भागने की कोशिश की। पुलिस ने पीछा किया, तो गाड़ी से दो आरोपी उतरे और उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो बदमाश घायल हो गए।”

एएसपी ने बताया कि गाड़ी में तीन और बदमाश थे, जिन्होंने भागने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों बदमाशों को पकड़ लिया। घायल बदमाशों ने पूछताछ के दौरान जिशांन आलम और दूसरे का नाम चंद्रशेखर कुमार बताया, जो मोतिहारी, पूर्वी चंपारण के रहने वाले हैं। इसके साथ ही आरोपी सूरज पासवान, चंद्रशेखर और बाला समेत कुल मिलाकर पांच आरोपी गिरफ्तार किए गए।

एएसपी ने बताया कि बदमाशों ने पूछताछ में बताया कि थाना रसड़ा के अंतर्गत लखनेश्वर डीह शिव मंदिर में पुजारी को डरा-धमकाकर उनके हाथ-पैर बांध दिए थे। इसके बाद चांदी के छत्र और नाग को लूट ले गए थे। इस लूट में शामिल बदमाशों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही थी।

एएसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों ने थाना कासिमाबाद, जनपद गाजीपुर में पंच मंदिर में राधा-कृष्ण के मुकुट को भी चोरी किया था। गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से दो 315 बोर के तमंचे, कारतूस और घटना में इस्तेमाल की गई गाड़ी बरामद की गई है। आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Exit mobile version