N1Live National झारखंड के गोड्डा में बैंक लूट की कोशिश नाकाम, बदमाशों की फायरिंग में गार्ड घायल
National

झारखंड के गोड्डा में बैंक लूट की कोशिश नाकाम, बदमाशों की फायरिंग में गार्ड घायल

Bank robbery attempt foiled in Godda, Jharkhand; guard injured in firing by miscreants

2 मार्च । झारखंड के गोड्डा जिले के महगामा क्षेत्र में स्थित बैंक ऑफ इंडिया की एक शाखा में सोमवार को हथियारबंद बदमाशों ने दिनदहाड़े डाका डालने की कोशिश की। हालांकि बैंक प्रबंधन की सतर्कता के कारण यह कोशिश नाकाम हो गई। बदमाश फायरिंग करते हुए फरार हो गए। घटना में बैंक का एक सुरक्षाकर्मी गोली लगने से घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार, चार की संख्या में अपराधी महगामा के केंचुआ चौक स्थित शाखा में घुसे और अंदर प्रवेश करते ही दहशत फैलाने के उद्देश्य से दो राउंड फायरिंग की। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपियों ने बैंक में तैनात गार्ड से उसकी बंदूक छीनने की भी कोशिश की। इस दौरान गार्ड विनोद कुमार सिंह को गोली लग गई और वह घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है।

बैंक प्रबंधक ने बताया कि गोली चलने की आवाज सुनते ही उन्होंने अलर्ट बेल सक्रिय कर दी और एहतियातन लॉकर सेक्शन को तत्काल बंद करा दिया। इससे अपराधी कैश काउंटर या लॉकर तक नहीं पहुंच पाए। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी होते देख आरोपी मौके से भाग निकले। घटना की सूचना मिलते ही महगामा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम आसपास के इलाकों में छापेमारी कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बैंक परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

महगामा क्षेत्र बिहार सीमा के निकट स्थित है, जिसके कारण अपराधी वारदात को अंजाम देकर सीमा पार भागने की कोशिश करते हैं। पूर्व में भी इस इलाके में बैंक ग्राहकों से लूट की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। पुलिस ने दावा किया है कि आरोपियों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी की जाएगी। इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर निगरानी बढ़ा दी गई है।

Exit mobile version