N1Live National बांका हत्याकांड: रांची से गिरफ्तार आरोपी ने की दोबारा भागने की कोशिश, बिहार पुलिस ने एनकाउंटर के बाद दबोचा
National

बांका हत्याकांड: रांची से गिरफ्तार आरोपी ने की दोबारा भागने की कोशिश, बिहार पुलिस ने एनकाउंटर के बाद दबोचा

Banka murder case: Accused arrested in Ranchi attempts to flee again; Bihar Police nabs him after an encounter.

बिहार के बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र के बलिया गांव में 5 जुलाई को हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड के मुख्य शूटर को पुलिस ने झारखंड की राजधानी रांची से गिरफ्तार कर लिया। हथियार की बरामदगी के लिए ले जाने के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद आत्मरक्षा में की गई पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी का इलाज कराया जा रहा है।

बांका के पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार ने शनिवार को बताया कि दोहरे हत्याकांड के बाद मामले के उद्भेदन के लिए विशेष जांच और छापेमारी दल का गठन किया गया था। टीम ने घटना के 72 घंटे के भीतर एक आरोपी सोमनाथ सिंह को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद लगातार की गई छापेमारी के दौरान शुक्रवार को रांची स्थित एक होटल से मामले के मुख्य अभियुक्त सचिन सिंह को गिरफ्तार किया गया।

एसपी ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में सचिन सिंह ने स्वीकार किया कि उसने वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्तौल बलिया गांव के जंगल में छिपा रखी है। इसके बाद पुलिस टीम उसे हथियार बरामद कराने के लिए मौके पर लेकर पहुंची। पुलिस के अनुसार, जंगल में पहुंचते ही आरोपी ने अचानक पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की और खुद को छुड़ाकर भागने लगा। इसी दौरान उसने छिपाकर रखी पिस्तौल निकाल ली और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस ने आत्मरक्षा में नियंत्रित जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को तत्काल बांका सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए भागलपुर स्थित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जेएलएनएमसीएच) रेफर कर दिया।

एसपी अमितेश कुमार ने बताया कि सचिन सिंह को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है और उसके विरुद्ध विभिन्न मामलों में पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल, पुलिस पूरे दोहरे हत्याकांड की साजिश, अन्य आरोपियों की भूमिका और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार छापेमारी जारी है।

Exit mobile version