N1Live National बांकीपुर उपचुनाव: ‘अपनी सरकार, अपना विधायक’ के नारे के साथ भाजपा ने प्रचार किया तेज
National

बांकीपुर उपचुनाव: ‘अपनी सरकार, अपना विधायक’ के नारे के साथ भाजपा ने प्रचार किया तेज

Bankipur by-election: BJP intensifies campaign with the slogan 'Our Government, Our MLA'.

23 जुलाई । बिहार की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर चुनावी मुकाबला दिलचस्प होता जा रहा है। 30 जुलाई को होने वाले मतदान से पहले सभी प्रमुख राजनीतिक दलों ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है।

भाजपा, जन सुराज और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) इस सीट पर अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं। भाजपा ने इस सीट से नीरज कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर पहली बार किसी चुनाव में उम्मीदवार के तौर पर मैदान में उतरे हैं।

दूसरी ओर, राजद ने रेखा गुप्ता को अपना प्रत्याशी बनाया है। चुनावी सरगर्मियों के बीच राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि मुकाबला त्रिकोणीय है, हालांकि भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा मजबूत स्थिति में दिखाई दे रहे हैं। चुनाव प्रचार को धार देने के लिए भाजपा ने नया चुनावी पोस्टर जारी किया है।

पोस्टर में ‘अपनी सरकार, अपना विधायक’ का नारा प्रमुखता से दिया गया है। इसके साथ ही नीरज कुमार सिन्हा को ‘बांकीपुर का बेटा’ बताते हुए मतदाताओं से कमल के निशान पर वोट देने की अपील की गई है। पोस्टर में यह संदेश भी दिया गया है कि ‘अपना वोट क्यों खराब करना?’ और स्थानीय उम्मीदवार ही क्षेत्र की समस्याओं को बेहतर ढंग से समझकर उनका समाधान कर सकता है।

भाजपा ने अपने प्रचार अभियान में ‘स्थानीय मुद्दे, स्थानीय समाधान’ और विकास को प्रमुख चुनावी एजेंडा बनाया है। पार्टी का कहना है कि राज्य और केंद्र में एक ही गठबंधन की सरकार होने से क्षेत्र के विकास कार्यों को और गति मिलेगी। प्रचार अभियान के दौरान स्थानीय नेतृत्व भी लगातार मतदाताओं के बीच पहुंचकर भाजपा के पक्ष में समर्थन जुटाने में लगा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बांकीपुर का प्रतिनिधित्व पहले भी स्थानीय चेहरों ने किया है और आगे भी क्षेत्र का प्रतिनिधित्व स्थानीय उम्मीदवार को ही करना चाहिए। उनका मानना है कि क्षेत्र की समस्याओं और जरूरतों को वही बेहतर तरीके से समझ सकता है, जो लंबे समय से बांकीपुर से जुड़ा रहा हो।

भाजपा की प्रदेश महामंत्री प्रीति शेखर ने कहा कि उनकी पार्टी विकास और सुशासन के मुद्दे पर चुनाव लड़ रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्याशी बांकीपुर का निवासी है और जनता का व्यापक समर्थन पार्टी को मिल रहा है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा इस उपचुनाव में रिकॉर्ड मतों से जीत दर्ज करेगी।

Exit mobile version