N1Live National बस्ती: नेशनल हाईवे पर बस और कार की आमने-सामने टक्कर, दो की मौत, एक घायल
National

बस्ती: नेशनल हाईवे पर बस और कार की आमने-सामने टक्कर, दो की मौत, एक घायल

Basti: Head-on collision between a bus and a car on the National Highway; two dead, one injured.

उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में नेशनल हाईवे पर शनिवार को एक बस और कार के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में कार के परखच्चे उड़ गए । इस हादसे में दो लोगों की मौत भी हो गई।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद राहगीरों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया तथा घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पीआरबी 112 पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

यह हादसा नगर थाना क्षेत्र के रिठिया ओवरब्रिज के पास हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

वहीं, घायलों का इलाज करने वाले डॉक्टर ने बताया कि पुलिस द्वारा मिली जानकारी के अनुसार, रिठिया के आसपास कार और बस के बीच में भीषण एक्सीडेंट हुआ है। एक मरीज के सिर पर चोट लगी हुई थी, उसे प्राथमिक उपचार के बाद बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। दो लोगों की पहले से ही मौत हो गई थी, जबकि एक की हालत बहुत ज्यादा खराब थी। खबर लिखे जाने तक मृतकों की पहचान नहीं हो पाए थी। पुलिस कार के जरिए मृतकों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।

पुलिस ने बताया कि टाटा टियागो कार लखनऊ से बिहार की तरफ जा रही थी और अपनी लेन बदलकर लखनऊ जा रही बस से टकरा गई। इस दौरान कार सवार लोग घायल हो गए, सभी को सदर अस्पताल भिजवाया गया। घटना के बाद हाईवे पर जाम लग गया था। हालांकि पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वहां को सड़क से हटाकर सड़क क्लियर करवाया, जिसके बाद जाम खत्म हुआ।

Exit mobile version