मलयालम अभिनेता मोहनलाल की आगामी फिल्म ‘एल370’ के मेकर्स ने फर्जी ऑडिशन कॉल को लेकर लोगों को सतर्क किया। उन्होंने इस समय अपनी फिल्म के लिए किसी भी ऑडिशन या कास्टिंग की घोषणा नहीं की है।
निर्देशक जूड एंथनी जोसेफ ने सभी को अलर्ट करते हुए इंस्टाग्राम पर एक नोट पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, “कृपया ‘एल370’ के नाम से चल रहे नकली ऑडिशन पोस्टर, मैसेज या कॉल से सावधान रहें। हमने अभी ‘एल370’ के लिए किसी भी ऑडिशन या कास्टिंग की जरूरतों को न ही मंजूरी दी और न ही अनाउंसकिया है। कृपया ऐसी कॉल या पोस्ट के जवाब में पर्सनल जानकारी, डॉक्यूमेंट शेयर न करें या कोई पेमेंट न करें। किसी भी ऑफिशियल कास्टिंग अनाउंसमेंट के लिए कृपया सिर्फ हमारे वेरिफाइड और ऑथराइज्ड कम्युनिकेशन चैनल पर भरोसा करें। कृपया अलर्ट रहें और फ्रॉड से सावधान रहें।”
फिल्म का अस्थायी शीर्षक ‘एल370’ इसलिए रखा गया है, क्योंकि यह सुपरस्टार मोहनलाल के करियर की 370वीं फीचर फिल्म है। इस फिल्म का निर्माण प्रसिद्ध निर्माता आशिक उस्मान अपने बैनर आशिक उस्मान प्रोडक्शंस के तहत कर रहे हैं। निर्माता आशिक उस्मान के साथ मोहनलाल का यह लगातार दूसरा सहयोग है। इससे पहले दोनों ने फिल्म ‘अतिमनोहरम’ में साथ काम किया है। वहीं, निर्देशक जूड एंथनी जोसेफ की फिल्म ‘थुडक्कम’ में मोहनलाल ने कैमियो किया था, जिसके बाद यह उनका पहला फुल-लेंथ कोलैबोरेशन है।
यह फिल्म एक रंगीन एंटरटेनर होने वाली है। फैंस और मीडिया में इसे एक ‘फैनबॉय फिल्म’ के रूप में देखा जा रहा है, क्योंकि निर्देशक जूड एंथनी खुद मोहनलाल के बहुत बड़े प्रशंसक हैं। हाल ही में इसका एक कॉन्सेप्ट पोस्टर जारी कर आधिकारिक तौर पर इस सफर की शुरुआत की घोषणा की गई थी। फिल्म के आधिकारिक टाइटल और बाकी कास्ट की घोषणा आने वाले समय में की जाएगी।
एक्टर मोहनलाल ने इस बात पर खुशी जताई थी कि वह अपनी आने वाली फिल्म ‘एल370’ के लिए दूसरी बार जाने-माने प्रोड्यूसर आशिक उस्मान के साथ टीम बना रहे हैं।

