N1Live Entertainment अनुराग डोभाल के समर्थन में भोजपुरी अभिनेत्री नीलम गिरी ने कहा- ‘भगवान आपके साथ है’
Entertainment

अनुराग डोभाल के समर्थन में भोजपुरी अभिनेत्री नीलम गिरी ने कहा- ‘भगवान आपके साथ है’

Bhojpuri actress Neelam Giri came out in support of Anurag Doval and said, 'God is with you'.

9 मार्च । सोशल मीडिया की दुनिया में मशहूर यूट्यूबर और ‘बिग बॉस 17’ के पूर्व कंटेस्टेंट अनुराग डोभाल इन दिनों लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। हाल ही में उनके साथ हुई एक गंभीर घटना ने फैंस और सोशल मीडिया यूजर्स को चिंता में डाल दिया। बताया जा रहा है कि मानसिक तनाव से जूझ रहे अनुराग ने अपनी जान देने की कोशिश की, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस खबर के सामने आते ही उनके चाहने वालों ने उनके समर्थन में आवाज उठाई। इसी बीच भोजपुरी अभिनेत्री और ‘बिग बॉस 19’ की पूर्व कंटेस्टेंट नीलम गिरी भी अनुराग के सपोर्ट में उतरी। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए अनुराग के जल्द स्वस्थ होने की कामना की और लोगों से सकारात्मक सोच बनाए रखने की अपील की।

नीलम गिरी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट की स्टोरी पर एक पोस्ट साझा किया, जिसमें उन्होंने अनुराग डोभाल को हिम्मत रखने का हौसला दिया। अपनी पोस्ट में उन्होंने लिखा, ”मजबूत बने रहें और जल्दी ठीक हो जाओ। जिंदगी बहुत सुंदर है। भगवान जी आपके साथ हैं, अनुराग डोभाल।” उनका ये सोशल मीडिया पोस्ट अब तेजी से वायरल हो रहा है। फैंस इस पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दे रहे हैं। नीलम गिरी का कहना है कि जीवन में मुश्किल समय जरूर आता है लेकिन ऐसे समय में इंसान को टूटने के बजाय मजबूत बने रहना चाहिए।

दरअसल, अनुराग डोभाल को लेकर जो खबर सामने आई, उसने सोशल मीडिया पर बड़ी चर्चा छेड़ दी। बताया जाता है कि वह मानसिक रूप से काफी परेशान थे। इसी बीच उन्होंने इंस्टाग्राम पर लाइव आकर तेज रफ्तार से कार चलाते हुए अपनी जान लेने की कोशिश की। इस दौरान उन्होंने अपनी जिंदगी की परेशानियों और अकेलेपन के बारे में बात भी की।

लाइव वीडियो के दौरान अचानक उनकी कार का नियंत्रण बिगड़ गया और वह सड़क के डिवाइडर से टकरा गए। इस हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों और लाइव देख रहे दर्शकों ने तुरंत मदद के लिए अलर्ट किया। इसके बाद अनुराग को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

घटना के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कई लोगों ने चिंता जताई, वहीं कुछ लोगों ने इस मामले का मजाक भी उड़ाया। लेकिन इसके जवाब में कई टीवी और सोशल मीडिया सितारे खुलकर अनुराग के समर्थन में आ गए। मशहूर यूट्यूबर एल्विश यादव ने लोगों से संवेदनशीलता दिखाने की अपील की। वहीं, टीवी अभिनेता अली गोनी ने भी कहा कि किसी के कठिन समय का मजाक बनाना गलत है। इसके अलावा प्रिंस नरुला, अभिषेक कुमरा, और स्टैंड-अप कॉमेडियन व रैपर मुनव्वर फारुकी ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट करके अनुराग के लिए समर्थन जताया।

Exit mobile version