N1Live National महादेव सट्टा ऐप मामले में पुलिस का बड़ा एक्शन, पुणे से 5 गिरफ्तार
National

महादेव सट्टा ऐप मामले में पुलिस का बड़ा एक्शन, पुणे से 5 गिरफ्तार

Big action by police in Mahadev Satta App case, 5 arrested from Pune

रायपुर, 5 जुलाई छत्तीसगढ़ में महादेव सट्टा ऐप गिरोह को पकड़ने की पुलिस की कार्रवाई जारी है। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। एसीपी क्राइम संदीप मित्तल ने गुरुवार को इस बात की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि रायपुर की पुलिस को सूचना मिली थी की कुछ लोग महाराष्ट्र के पुणे से सट्टा लगाने का काम कर रहे हैं। इसके बाद हमने एक विशेष टीम बनाकर संबंधित स्थान के लिए उसे रवाना किया। जहां से 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

ये सट्टेबाज लोगों को अपने झांसे में लेकर उनसे पैसों की ठगी करते थे। वो लोगों से महादेव सट्टा ऐप में पैसे इन्वेस्ट करा कर उसे अपने बैंक खाते में ट्रांसफर कर लेते थे। फिर उसी अकाउंट से लाखों-करोड़ों का लेनदेन करते थे। पुलिस ने कहा कि उनके बैंक खातों को होल्ड करा दिया गया है।

संदीप मित्तल ने बताया कि इन सटोरियों के पास से 27 मोबाईल, 56 एटीएम कार्ड और लैपटॉप बरामद हुए हैं। इस मामले में अन्य दोषियों की तलाश जारी है।

बता दें, कुछ दिन पहले ही दुर्ग जिले से सटोरियों को गिरफ्तार किया गया था। ये लोग हैदराबाद में बैठकर महादेव सट्टा ऐप का पैनल चला रहे थे।

पुलिस ने छापामारी कर 6 लोगों को गिरफ्तार किया था। जिनके पास से लैपटॉप, मोबाइल, कार, सोने के जेवरात, एटीएम कार्ड समेत कुछ दस्तावेज भी बरामद हुए थे।

Exit mobile version