बिहार के कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के मंत्री मोती लाल प्रसाद ने कहा कि बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विकास की गति वैश्विक पटल पर चमक रही है। पहले बिहार एक गरीब राज्य के रूप में जाना जाता था, लेकिन आज यह एक विकसित राज्य के रूप में जाना जाता है।
बिहार दिवस के अवसर पर ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ कार्यक्रम के तहत कुंडली स्थित एचएसआईआईडीसी सभागार में कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में मोती लाल प्रसाद व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बडोली ने शिरकत की।
प्रसाद ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार ही वह राज्य है जहां देश का पहला विश्वविद्यालय नालंदा स्थापित हुआ और वहीं से देश में शिक्षा की शुरुआत हुई। आज सरकार बिहार में नए उद्योग लगाने पर विशेष ध्यान दे रही है ताकि वहां के लोगों को अधिक से अधिक रोजगार मिल सके।
मंत्री ने कहा कि आज केंद्र और राज्य सरकार के सहयोग से बिहार तेजी से प्रगति कर रहा है। वहां उद्योग लगाने के लिए सुरक्षित और पारदर्शी माहौल उपलब्ध कराया जा रहा है ताकि बड़े उद्योग बिहार में निवेश कर सकें। उन्होंने हरियाणा के उद्योगपतियों से भी बिहार में निवेश करने का आह्वान किया।
बिहार दिवस पर लोगों को शुभकामनाएं देते हुए बडोली ने कहा कि बिहार और यहां के लोगों ने हरियाणा के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि बिहार के लाखों लोग राय क्षेत्र की कंपनियों में काम कर रहे हैं, जिसके कारण इस क्षेत्र को औद्योगिक जगत में एक अलग पहचान मिली है।
बडोई ने कहा कि आज यहां आयोजित कार्यक्रम से न केवल भाईचारे की भावना बढ़ी है बल्कि एक-दूसरे की संस्कृति को जानने का अवसर भी मिला है। बडोली ने आगे कहा कि बिहार तपस्वियों और मेहनतकश लोगों की धरती है। हरियाणा की तरक्की में बिहार के लोग अहम भूमिका निभा रहे हैं। हरियाणा में छठ पूजा बड़े उत्साह के साथ मनाई गई। आज हरियाणा और बिहार के लोगों ने मिलकर अपना त्योहार मनाया।
राय से विधायक कृष्णा गहलावत ने कहा कि 22 मार्च 1912 को बंगाल से अलग होकर बिहार को स्वतंत्र राज्य का दर्जा मिला था और तब से इस दिन को ‘बिहार दिवस’ के रूप में मनाया जाता है।
विधायक ने कहा, “बिहार न केवल ऐतिहासिक रूप से बल्कि सांस्कृतिक, शैक्षणिक और सामाजिक रूप से भी एक समृद्ध राज्य है। यह भूमि महान हस्तियों – भगवान बुद्ध, महावीर स्वामी, चाणक्य, आर्यभट्ट, गुरु गोविंद सिंह की जन्मभूमि है। बिहार ने पूरी दुनिया को ज्ञान, नैतिकता और धर्म का संदेश दिया है।”
कार्यक्रम में सोनीपत के विधायक निखिल मदान, भाजपा के सोनीपत जिला अध्यक्ष अशोक भारद्वाज, मेयर राजीव जैन, कुंडली नगर निगम की चेयरपर्सन शिमला देवी, भाजपा मंडल अध्यक्ष व अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
Leave feedback about this