बिहार के बाहुबली नेता और पूर्व सांसद आनंद मोहन द्वारा जदयू की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए जाने के बाद राज्य सरकार की मंत्री लेसी सिंह ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि सरकार का निर्णय हो या पार्टी का निर्णय हो, हमारे नेता नीतीश कुमार सभी निर्णय लेने में सक्षम हैं।
दरअसल, पूर्व सांसद आनंद मोहन ने एक कार्यक्रम के दौरान आरोप लगाया था कि आजकल जदयू में फैसले नीतीश कुमार नहीं लेते हैं। जदयू में उसी की सुनी जाती है, जो थैला (पैसे से भरा बैग) लेकर जाता है। उन्होंने सीधे तौर पर कहा था कि कुछ स्वार्थी नेताओं ने नीतीश कुमार को राजनीतिक रूप से जिंदा दफन कर दिया है।
पूर्व सांसद के इस बयान पर भड़की मंत्री लेसी सिंह ने कहा कि देश में कोई ऐसी शख्सियत नहीं है, जो हमारे नेता को जिंदा दफन कर सके। हमारे नेता नीतीश कुमार बिहार के करोड़ों लोगों के दिल में बसते हैं। महिलाओं और दबे-कुचले के दिलों में बसते हैं। पार्टी में ‘थैली’ यानी पैसे के दम पर मंत्री बनाए जाने के आरोप को सिरे से खारिज करते हुए लेसी सिंह ने कहा कि जदयू की साफ-सुथरी छवि रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी में आज तक न तो ऐसी कोई परिपाटी रही है और न ही भविष्य में नीतीश कुमार के नेतृत्व में ऐसा होना कभी संभव है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार या संगठन में किस कार्यकर्ता और नेता की क्या उपयोगिता है, यह नेतृत्व तय करता है। उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि इस तरह के बयान जो दे रहे हैं, वह तो हमारे नेता की सक्षमता को ही चुनौती दे रहे हैं। यह बिहार के लोगों को स्वीकार नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार और पार्टी से जुड़े सभी बड़े फैसले नीतीश कुमार की सहमति और मार्गदर्शन से ही लिए जाते हैं। इधर, पूर्व सांसद आनंद मोहन अपने बेटे चेतन आनंद के मंत्री नहीं बनाए जाने से नाराज बताए जाते हैं।

