April 4, 2026
National

बिहार: कार और बाइक में भीषण टक्कर, तीन की मौत, दो घायल

Bihar: Three killed, two injured in a car-bike collision

4 अप्रैल । बिहार के बांका जिले के जलेबिया मोड़ थाना क्षेत्र में शनिवार को कार और बाइक के बीच हुई जोरदार टक्कर में बाइक सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कार पर सवार दो से तीन लोग घायल बताए जा रहे हैं।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि घटना जलेबिया मोड़ थाना क्षेत्र के बिज्जीखैरवा गांव के समीप की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों वाहन तेज गति से जा रहे थे और दोनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस टक्कर का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि बाइक पर सवार तीन युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई और बाइक के परखच्चे उड़ गए। कार भी पास के गड्ढे में पलट गई।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान सुरेंद्र साह, रूपेश साह और बालेश्वर साह के रूप में हुई है। सभी ओढ़नी ओपी क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। बताया जाता है कि यह हादसा देवघर-सुल्तानगंज पथ का है। कार पर सवार लोग सुल्तानगंज के अजगैबीधाम दर्शन के बाद देवघर जा रहे थे। कार पर सभी सवार झारखंड के गढ़वा जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। इस हादसे में कार पर सवार तीन लोग भी घायल हो गए हैं।

जलेबिया मोड़ के थानाध्यक्ष राजू ठाकुर ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया और घायलों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं। गांव में घटना की सूचना मिलते ही मातम पसर गया। परिवारजनों का रो- रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद काफी देर तक इस मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई। काफी मशक्कत के बाद सड़क पर आवागमन बहाल किया गया।

Leave feedback about this

  • Service