बिहार पुलिस अब किसी भी स्थिति में अपराधियों को बख्शने के मूड में नहीं है। प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई हो रही है। इसी बीच, पटना के बिहटा क्षेत्र में देर रात करीब 2.30 बजे पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में दो अपराधी गोली लगने से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि बिहटा के समीप आनंदपुर गांव के बधार में पटना के टॉप अपराधियों शामिल अपराधी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की नियत से इकट्ठा हुए हैं। इसी सूचना के आधार पर विशेष कार्य बल (एसटीएफ) और पटना पुलिस की विशेष टीम ने संबंधित इलाके की घेराबंदी कर अपराधियों की गिरफ्तारी की कोशिश शुरू कर दी।
इधर, अपराधियों ने पुलिस को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी अपने बचाव में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गोली लगने से दो अपराधी घायल हो गए। बताया जाता है कि दोनों के पैर में गोली लगी है। गोली लगने के बाद दोनों अपराधी गिर गए। घायलों की पहचान बिदेशिया उर्फ अमरेंद्र और पप्पू के रूप में की गई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों घायल अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। घायलों को इलाज के लिए पहले बिहटा के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें प्राथमिक इलाज के बाद पटना एम्स रेफर कर दिया गया। फिलहाल दोनों का इलाज किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि घटनास्थल से पुलिस ने हथियार और संदिग्ध वस्तुएं बरामद की हैं। पटना पुलिस के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। एफएसएल की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई है और साक्ष्य इकट्ठा कर रही है। अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। पकड़े गए दोनों बदमाशों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। बिदेशिया और पप्पू पर हत्या, रंगदारी और लूट के कई गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं। बता दें कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने साफ चेतावनी दी है कि अपराधी अपराध छोड़ दें, नहीं तो पुलिस कार्रवाई करेगी।

