N1Live National ‘बिहार चौतरफा विकास की नई ऊंचाई हासिल करेगा’, सम्राट चौधरी को सीएम बनने पर पीएम मोदी ने दी बधाई
National

‘बिहार चौतरफा विकास की नई ऊंचाई हासिल करेगा’, सम्राट चौधरी को सीएम बनने पर पीएम मोदी ने दी बधाई

'Bihar will achieve new heights of all-round development', PM Modi congratulates Samrat Chaudhary on becoming CM

15 अप्रैल । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता सम्राट चौधरी को बिहार का नया मुख्यमंत्री बनने पर बधाई दी। पीएम मोदी ने कहा कि सम्राट चौधरी के कुशल नेतृत्व में जनता-जनार्दन की आकांक्षाओं को पूरा करते हुए बिहार चौतरफा विकास की नई ऊंचाई हासिल करेगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ”बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर सम्राट चौधरी को बहुत-बहुत बधाई और ढेरों शुभकामनाएं। उनकी ऊर्जा, जनसेवा के प्रति समर्पण और जमीनी अनुभव राज्य के लिए बेहद उपयोगी साबित होने वाला है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि उनके कुशल नेतृत्व में जनता-जनार्दन की आकांक्षाओं को पूरा करते हुए बिहार चौतरफा विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।”

इसके साथ ही उन्होंने जेडीयू नेता विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र यादव को भी डिप्टी सीएम बनने पर बधाई दी।

पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, ”बिहार के उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने वाले विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। मुझे पूरा भरोसा है कि इनका जमीनी अनुभव और जनहित को लेकर प्रतिबद्धता बिहार के विकास को नई दिशा और गति देगी। इसके साथ ही राज्य सुशासन, पारदर्शिता और जनकल्याण के नित-नए मानक स्थापित करेगा।”

दूसरी तरफ, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितीन नवीन ने भी सम्राट चौधरी को बिहार के सीएम और विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव को डिप्टी सीएम बनने पर बधाई दी।

उन्होंने एक्स पोस्ट में लिखा, ”सम्राट चौधरी को बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण करने पर हार्दिक बधाई एवं अनंत शुभकामनाएं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘विकसित भारत, विकसित बिहार’ के संकल्प को सिद्ध करने हेतु आप पूर्णतः समर्पित भाव से कार्य करेंगे, ऐसा मेरा अटूट विश्वास है। बिहार में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री के रूप में आपके यशस्वी एवं सफल कार्यकाल की हार्दिक मंगलकामनाएं। साथ ही, बिहार के उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करने पर विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।”

बता दें कि नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद बुधवार को बिहार में नई सरकार का गठन हो गया। सम्राट चौधरी ने बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके अलावा जेडीयू नेता बिजेंद्र यादव और विजय कुमार चौधरी ने डिप्टी सीएम पद की शपथ ली।

Exit mobile version