N1Live National वैश्विक संकट पर बिहार के एनडीए नेताओं की प्रतिक्रिया, पीएम मोदी की पहल को बताया अहम
National

वैश्विक संकट पर बिहार के एनडीए नेताओं की प्रतिक्रिया, पीएम मोदी की पहल को बताया अहम

Bihar's NDA leaders react to the global crisis, calling PM Modi's initiative important

27 मार्च । पश्चिम एशिया में जारी तनाव और तेल-गैस संकट को लेकर बिहार एनडीए के नेताओं ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक करेंगे। पश्चिम एशिया के संघर्ष से उत्पन्न कठिनाइयों के तार्किक समाधान की दिशा में यह बैठक हो रही है।

बिहार भाजपा के अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा, “अमेरिका, ईरान, इजरायल और अन्य देशों के बीच युद्ध चल रहा है। जहां अमेरिका के सैन्य अड्डे हैं, वहां भी हमले हो रहे हैं। इस विशेष स्थिति को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार चिंतित हैं। उन्होंने राज्यसभा और लोकसभा को संबोधित किया, सर्वदलीय बैठक बुलाईं, और आज सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों से इस विशेष स्थिति पर चर्चा करेंगे।”

उन्होंने आगे कहा, “न परिस्थितियों में राज्यों में कैसे मूल स्थिर रहे, गैस-पेट्रोल की कीमतें नहीं बढ़ें, आपूर्ति सुनिश्चित रहे, इन विषयों पर मुख्यमंत्रियों के साथ चर्चा की जाएगी।”

बिहार सरकार में मंत्री राम कृपाल यादव ने कहा, “सिर्फ भारत नहीं, दुनिया के अनेकों देशों में तेल और गैस संकट है। ईरान, इजरायल और अमेरिका की लड़ाई का असर पूरे विश्व पर है। इसके बावजूद, भारत सरकार की दूरदर्शी नीति के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी मित्र देशों से बातचीत कर रहे हैं। ईरान की तरफ से होर्मुज में रुकावट थी, लेकिन अब उसने इजाजत दे दी है। तेल की कठिनाई न हो, इसकी व्यवस्था की जा रही है।”

पीएम मोदी की प्रशंसा करते हुए मंत्री राम कृपाल यादव ने कहा, “प्रधानमंत्री का व्यक्तित्व बड़ा है। अपनी नीतियों, अपने कार्यों और अपनी योजनाओं के माध्यम से उन्होंने देश की जनता पर एक अमिट छाप छोड़ी है। वास्तव में, पूरे विश्व में भी उनके नेतृत्व को लोगों ने स्वीकार किया है। हम सभी के लिए गौरव की बात है कि हमारा नेता ‘विश्व गुरु’ बनने की तरफ बढ़ रहा है। आने वाले दिनों भारत पूरी दुनिया में नंबर-1 होगा। इसके लिए प्रयास लगातार जारी हैं।

पेट्रोल डीजल उत्पाद शुल्क में कटौती पर जदयू प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा, “ये ऐतिहासिक फैसला है। निसंदेह पश्चिम एशिया और खाड़ी देशों के संकट की चपेट में भारत समेत विश्वभर के देश हैं। ऐसे में यह फैसला लिया जाना आसान नहीं रहा होगा। उन्होंने जनहित में यह फैसला लिया है।”

मुख्यमंत्रियों के साथ पीएम मोदी की बैठक पर उन्होंने कहा, “पश्चिम एशिया के संघर्ष से उत्पन्न कठिनाइयों के तार्किक समाधान की दिशा में यह बैठक हो रही है। यह बेहद महत्वपूर्ण बैठक रहेगी। इसमें ताजा हालात पर चर्चा के अलावा, वैश्विक संकट के दौरान भारत में बेहतर प्रबंधन कैसे हो, इस पर चर्चा होगी।”

Exit mobile version