N1Live Entertainment बर्थडे स्पेशल : दिल्ली की लड़की का रेस्टोरेंट से रेड कार्पेट और बॉलीवुड तक सफर, ऋतिक से लेकर रणवीर की बनीं हीरोइन
Entertainment

बर्थडे स्पेशल : दिल्ली की लड़की का रेस्टोरेंट से रेड कार्पेट और बॉलीवुड तक सफर, ऋतिक से लेकर रणवीर की बनीं हीरोइन

Birthday Special: A Delhi girl's journey from a restaurant to the red carpet and Bollywood—starring opposite everyone from Hrithik to Ranveer.

एक मिडिल क्लास परिवार से आकर बॉलीवुड तक का सफर तय करना और हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में नाम बनाना आसान नहीं है, लेकिन वाणी कपूर ने ऐसा कर दिखाया है। हालांकि, बॉलीवुड की लोकप्रिय अभिनेत्रियों में से एक वाणी कपूर के लिए यह रास्ता बिल्कुल भी आसान नहीं था। इस सफर में वाणी को कई प्रकार की चुनौतियों का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने कभी हार नहीं मानी।

अभिनेत्री का जन्म 23 अगस्त 1988 को दिल्ली में एक पंजाबी परिवार में हुआ था। उनके पिता शिव कपूर फर्नीचर एक्सपोर्ट के एक बिजनेसमैन हैं और मां डिंपी कपूर पेशे से एक मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव के साथ शिक्षिका रही हैं।

वाणी ने अपनी पढ़ाई-लिखाई दिल्ली से ही पूरी की है। उन्होंने दिल्ली के इग्नू विश्वविद्यालय से टूरिज्म में ग्रेजुएशन की डिग्री प्राप्त की। पढ़ाई के दौरान ही अभिनेत्री ने होटल मैनेजमेंट की ओर रुख किया और जयपुर के एक होटल में इंटर्नशिप करने लगीं। इसके बाद उन्होंने एक अन्य होटल में भी कुछ समय के लिए काम किया।

होटल में काम करने के दौरान उनकी जान-पहचान एक मॉडलिंग एजेंसी से हुई। उनकी लंबी हाइट और आकर्षक व्यक्तित्व को देखकर एजेंसी ने उन्हें मॉडलिंग के लिए साइन किया। अभिनेत्री के जीवन में यह एक ऐसा टर्निंग पॉइंट रहा, जहां उनके करियर ने रेस्टोरेंट से रेड कार्पेट की ओर रुख किया।

शुरुआत में उन्होंने कई बड़े फैशन डिजाइनर्स के लिए रैंप वॉक करने के साथ विज्ञापनों में भी काम किया। इन कामों से उनका चेहरा पहचान में आने लगा और फिर उन्होंने वर्ष 2013 में यशराज फिल्म्स की रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म ‘शुद्ध देसी रोमांस’ से एक्टिंग करियर की शुरुआत की। अपनी पहली फिल्म में कमाल के प्रदर्शन के बलबूते अभिनेत्री ने बेस्ट फीमेल डेब्यू का फिल्मफेयर पुरस्कार हासिल किया।

डेब्यू फिल्म के बाद उन्होंने ऋतिक रोशन, अजय देवगन, अक्षय कुमार, रणवीर सिंह, रणबीर कपूर से लेकर इंडस्ट्री के कई प्रमुख कलाकारों के साथ काम किया। उनकी कुछ प्रमुख फिल्मों की बात करें तो उनमें ‘बेफिक्रे’, ‘वॉर’, ‘चंडीगढ़ करे आशिकी’, ‘बेल बॉटम’, ‘रेड 2’ और ‘शमशेर’ आदि शामिल हैं।

Exit mobile version