April 4, 2026
National

तेलंगाना सरकार पर भाजपा का हमला, कहा- ‘स्कूल की फीस को वार्षिक जबरन वसूली का कार्यक्रम न बनाया जाए’

BJP attacks Telangana government, says ‘School fees should not be made an annual extortion programme’

4 अप्रैल । तेलंगाना के स्कूलों में फीस बढ़ोतरी के खिलाफ आक्रोश बढ़ रहा है। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राज्य सरकार पर सवाल उठाए हैं। भाजपा नेता टीआर श्रीनिवास ने मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी पर निशाना साधते हुए कहा कि स्कूल की फीस को वार्षिक जबरन वसूली का कार्यक्रम न बनाया जाए।

टीआर श्रीनिवास ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “मैं मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी से सवाल करना चाहता हूं। क्या उन्होंने स्कूल में बढ़ी फीस के बारे में सुना भी है? निजी स्कूलों में लगातार फीस बढ़ाई जा रही है। इससे मध्य और पिछले वर्ग के परिवारों में दिक्कत हो रही है।”

उन्होंने आगे कहा, “लोगों की आय पहले से ही कम है। इसमें भी 30 प्रतिशत से 40 प्रतिशत तक फीस बढ़ोतरी हो रही है। किताबें और यूनिफॉर्म भी लेनी होती हैं। बच्चों का बस किराया भी देना होता है। यह आम लोगों के साथ किस तरह का न्याय है। मध्यम परिवार के लोग कहां से इतने पैसे लेकर आएंगे।”

भाजपा नेता ने सवाल करते हुए कहा कि फीस को लेकर स्कूलों की मनमानी के खिलाफ सरकार कोई कदम क्यों नहीं उठाती है। क्यों सरकारी स्कूलों को ही अपग्रेड नहीं किया जाता है। उन्होंने मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी से अनुरोध करते हुए कहा, “स्कूल की फीस को वार्षिक जबरन वसूली का कार्यक्रम न बनाया जाए। फीस को लेकर एक व्यवस्था बनाई जानी चाहिए।”

इससे पहले, तेलंगाना जागृति पार्टी की प्रमुख के. कविता ने भी फीस बढ़ोतरी का मुद्दा उठाया था। उन्होंने कहा, “आज राज्य पर भारी दबाव है, क्योंकि निजी स्कूल हर साल फीस में 25 से 30 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर रहे हैं। कक्षा 1 से 10 तक दाखिला लेने वाले छात्रों से वादा किया जाता है कि फीस में हर साल ज्यादा से ज्यादा 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी होगी, लेकिन कई स्कूल इससे कहीं ज्यादा फीस वसूल रहे हैं।”

Leave feedback about this

  • Service