N1Live Uttar Pradesh अहिल्याबाई होल्कर त्रिशताब्दी स्मृति अभियान के जरिए भाजपा ने खींचा अभियानों का खाका
Uttar Pradesh

अहिल्याबाई होल्कर त्रिशताब्दी स्मृति अभियान के जरिए भाजपा ने खींचा अभियानों का खाका

BJP has drawn a blueprint of campaigns through Ahilyabai Holkar Tricentenary Memorial Campaign

लखनऊ, 15 मई । उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में बुधवार को भाजपा ने रानी अहिल्याबाई होल्कर त्रिशताब्दी स्मृति अभियान के तहत कार्यशाला का आयोजन किया। इस दौरान प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने पूरे संगठन के कार्यक्रम का खाका खींचा।

धर्मपाल सिंह ने कहा कि पुण्यश्लोक अहिल्याबाई होल्कर स्मृति अभियान के साथ ही ‘तिरंगा यात्रा’ का अभियान भी चलेगा। इसके साथ ही ‘एक राष्ट्र-एक चुनाव’ का अभियान तथा संगठन पर्व भी चल रहा है। इसके साथ ही मंडल कार्यसमितियों का गठन किया जा रहा है। सभी अभियानों एवं कार्यक्रमों को एक साथ प्रभावी रूप से संचालित करना है।

उन्होंने कहा कि पुण्यश्लोक अहिल्याबाई होल्कर जन्म त्रिशताब्दी स्मृति अभियान की प्रदेश कार्यशाला के बाद अभियान की दृष्टि से जिला स्तर पर 17 और 18 मई को बैठकें तय की जाए और बैठकों में अभियान की पूरी कार्ययोजना तैयार की जाए। अभियान के तहत 21 मई से 31 मई तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक कार्यक्रम के लिए संयोजक तय करना है। जिला बैठकों में जिला पदाधिकारी, अभियान की जिले की टीम, महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष एवं जिला महामंत्री, मंडल अध्यक्ष व मंडल महामंत्री सम्मिलित रहेंगे। नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत स्तर पर आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों को जिले की बैठक से पूर्व ही तय कर लिए जाएं।

उन्होंने कहा कि जो भी एनजीओ या महिला संगठन कार्यक्रम करना चाहते हैं, तो हमें उन कार्यक्रमों में उनका सहयोग करना है। जिला स्तर पर प्रदर्शनियां लगानी हैं तथा डॉक्यूमेंट्री का भी प्रदर्शन करना है। जिले की महिला जनप्रतिनिधियों को अभियान में अवश्य सम्मिलित किया जाए। अभियान के तहत सभागार कार्यक्रम, संगोष्ठी, नुक्कड़ नाटक, विद्यालयों व महाविद्यालयों में आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रम, नृत्य नाटिकाएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा महिला सशक्तीकरण के लिए दौड़ जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

धर्मपाल सिंह ने कहा कि 15 मई को सभी कमिश्नरी केंद्रों तथा 16 और 17 मई को जिला केन्द्रों पर ‘तिरंगा यात्रा’ के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही 18 से 23 मई तक ब्लॉक स्तर या विधानसभा स्तर पर ‘तिरंगा यात्रा’ निकलेगी।

अभियान की राष्ट्रीय सह संयोजक कविता पाटीदार ने कहा कि मैं जिस इंदौर से आई हूं, वह इंदौर की भूमि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की कर्मभूमि थी। अभियान के माध्यम से लोकमाता की 300वीं जयंती पर उनके आचरण और उनके व्यवहार को प्रसारित करने का काम हम सभी करेंगे।

Exit mobile version