छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दीपक बैज ने पूर्व राष्ट्रपति हामिद अंसारी के बयान, बाबा बागेश्वर धाम की रथ यात्रा और राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर प्रतिक्रिया दी।
भारत के पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी ने हाल ही में कहा है कि नेहरू कहते थे, भारत में साम्यवाद से खतरा नहीं है, बल्कि सांप्रदायिक हिंदूवादी विचारधारा से खतरा है। इस पर दीपक बैज ने आईएएनएस से बातचीत में कहा,”सच्चाई है कि भाजपा वर्तमान में देश को बांट रही है। भाजपा ने पूरे देश को संप्रदायवाद में झोंक दिया है, देश में एक-दूसरे को लड़ाया जा रहा है। कोई भी धर्म सुरक्षित नहीं है। भाजपा हिंदू धर्म के नाम पर राजनीति कर रही है। हिंदू, नहीं, भाजपा खतरे में है। हामिद अंसारी ने आज की परिस्थितियों को देखते हुए बयान दिया है। देश वास्तव में सुरक्षित नहीं है। देश को अब भाजपा से मुक्त कराने की जरूरत है।”
प्रदेश में अस्पतालों की स्थिति को लेकर दीपक बैज ने कहा, “छत्तीसगढ़ में अस्पतालों की हालत बिल्कुल भी ठीक नहीं है। प्राइवेट अस्पतालों को सरकार ने पैसा नहीं दिया है, जिससे गरीबों का इलाज कराना मुश्किल हो रहा है। नकली दवाइयां बेची जा रही हैं। मंत्री चाहे जितना भी दावा कर लें, प्रदेश में स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह फेल है।”
छात्रों की गूंज कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री पर भाजपा द्वारा कांग्रेस से माफी मांगने पर दीपक बैज ने कहा, “अब देश में प्रधानमंत्री की मां है, बाकी किसी और की मां नहीं हैं। प्रधानमंत्री मिमिक्री करें तो सब ठीक है और देशभक्ति है। भाजपा को नौटंकी बंद करनी चाहिए।” बाबा बागेश्वर भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने के लिए नवरात्र में पांच दिवसीय रथयात्रा निकालेंगे। इस पर कांग्रेस नेता ने कहा, “बाबा बागेश्वर को पहले भाजपा के साथ बैठक कर तय कर लेना चाहिए कि हिंदू राष्ट्र बनना चाहिए या नहीं बनना चाहिए। यह बताना चाहिए कि देश में हिंदू खतरे में या भाजपा खतरे में है।”
–

