2 अप्रैल । केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सामान्य प्रशासन) विधेयक के लोकसभा में पास होने पर सपा सांसद रामगोपाल यादव ने भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि सरकार जो भी गलती कर रही है, उससे जनता को परेशानी हो रही है।
सपा सांसद रामगोपाल यादव ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “यह सरकार अपने बहुमत के दम पर सब कुछ गलत कर रही है। लोग इसके बुरे नतीजों को भुगत रहे हैं। भगवान उनकी मदद करें। आने वाले समय में जनता इसका जवाब देने के लिए तैयार है। जिस तरह से सरकार ने देश का हाल किया है, इससे पहले आज तक नहीं हुआ था।”
एसआईआर पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बयान पर रामगोपाल यादव ने कहा, “मुख्यमंत्री ममता बनर्जी जीतेंगी, इसे लिखकर रख लीजिए और रिकॉर्ड में डाल लीजिए। वे भारी बहुमत से जीतेंगी। केंद्र सरकार अपनी पूरी ताकत लगा ले लेकिन वह उनका कुछ भी नहीं बिगाड़ पाएगी।”
उन्होंने कहा कि न कोई मतदाता को हटा पाएगा और न भाजपा कहने से कुछ होगा। दिल्ली सारी ताकत लगा भी दे तब भी ममता बनर्जी का कुछ नहीं बिगाड़ पाएंगे। जनता ममता बनर्जी के साथ खड़ी है, जनता को भी पता है कौन उनके साथ अच्छा कर रहा है और कौन बेकार कर रहा है। इसीलिए वो जितनी भी कोशिश कर ले उससे कुछ होने वाला नहीं है।
बता दें कि तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने पिछले दिनों मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार को एक चिट्ठी लिखी थी। इसमें उन्होंने बंगाल के लोगों के लोकतांत्रिक अधिकारों के खिलाफ ‘गंभीर साजिश’ का आरोप लगाया था। उन्होंने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) प्रक्रिया में फर्जी वोटर एंट्री पर रोक लगाने की भी मांग की थी। ममता बनर्जी ने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह ‘फॉर्म 6’ आवेदनों के जरिए पश्चिम बंगाल के बाहर के मतदाताओं को इस राज्य की मतदाता सूची में बड़ी संख्या में गैरकानूनी तरीके से शामिल कराने की कोशिश कर रही है।
पेट्रोल-डीजल और गैस की कमी पर सपा सांसद ने कहा कि देश में जनता परेशान है। इस पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। इससे पहले भी सरकार ने जनता को कई बार परेशान किया है, जिसका जवाब देने के लिए जनता तैयार हो गई है। आने वाले दिनों में जल्द ही इसका जवाब मिलने वाला है।

