4 फरवरी । कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने मणिपुर को लेकर भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि मणिपुर मामले पर सरकार को जवाब देना चाहिए और अभी तक वहां की स्थिति पर क्यों कोई फैसला नहीं हुआ है, इसको भी केंद्र की भाजपा सरकार बताए।
कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “भाजपा मणिपुर से प्रयोग करना बंद कर दे। जिस तरह से उन्होंने जातीय हिंसा में राज्य को डाल दिया है, वह सही नहीं है। इससे आम जनता को कितना नुकसान हुआ है, इस बारे में उनको सोचना चाहिए। इतनी बड़ी हिंसा होने के बाद भी प्रधानमंत्री एक बार वहां नहीं गए हैं। यह गलत है।
उन्होंने कहा कि जिस तरह भाजपा वाले मणिपुर के साथ कर रहे हैं, उस आधार पर सोचना चाहिए कि मणिपुर देश का ही हिस्सा है, उसको इस तरह अलग नहीं करना चाहिए। मणिपुर हिंसा के लिए भारतीय जनता पार्टी जिम्मेदार है, भाजपा को इस पर जवाब देना चाहिए।
लोकसभा सत्र पर कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने कहा, “लोकसभा के दो पहिए हैं, सत्ता पक्ष और विपक्ष। लेकिन अगर सत्ता पक्ष यह मानता है कि विपक्ष की आवाज को दबाया जाना चाहिए, तो यह संसदीय इतिहास में एक काला दिन बन जाता है। यह एक काला क्षण था जब विपक्ष के नेता को नियमों का हवाला देने और उन्हें प्रमाणित करने के बाद भी बोलने नहीं दिया गया।”
उन्होंने कहा कि जिस तरह से मंगलवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पूरे मामले को प्रमाणित किया, इसीलिए मैं कहता हूं कि मंगलवार को न केवल राहुल गांधी बल्कि पूरे विपक्ष के नेता और संसदीय परंपराओं की गरिमा को भारतीय जनता पार्टी ने कम किया।
भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने कहा, “ट्रंप के बोलने के बाद वे इस बारे में बताएंगे। ये बातें पहले आनी चाहिए थीं। मैं देश के किसानों की बात कर रहा हूं, उन्हें गिरवी रख दिया गया है। जब यहां अरबों डॉलर की बात आती है, तो वे जो भी इंपोर्ट करेंगे, उस पर हमारी तरफ से कोई टैक्स या टैरिफ नहीं लगेगा। लेकिन, हम जो भी निर्यात करेंगे, वे उस पर 18 प्रतिशत टैक्स लगाएंगे। इसलिए मैं कहता हूं, ट्रेड डील के नाम पर उन्होंने पूरी भारतीय अर्थव्यवस्था को गिरवी रख दिया है।”

