February 1, 2025
National

राष्ट्रपति को बेचारी कहने पर भाजपा नेताओं ने सोनिया गांधी का किया तीखा विरोध

BJP leaders strongly opposed Sonia Gandhi for calling the President poor

सांसद सोनिया गांधी ने शुक्रवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पर विवादित बयान देते हुए उन्हें बेचारी महिला कहा। इस पर भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस पार्टी पर हमलावर है। भारतीय जनता पार्टी के कई नेताओं ने सोनिया गांधी की तीखी आलोचना की।

भारतीय जनता पार्टी के नेता संबित पात्रा ने कहा, “आज का दिन बहुत महत्वपूर्ण है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सरकार के कामों का लेखा जोखा दिया। देश भर के लोगों ने इसे सुना और सराहा। लेकिन, दुखद है कि कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने राष्ट्रपति के लिए जो बयान दिया, वह बहुत निंदनीय है। सोनिया गांधी ने उन्हें बेचारी कहा। मैं स्पष्ट रूप से कहूंगा कि राष्ट्रपति कभी बेचारी नहीं हो सकती हैं। भारतवर्ष एक गणतंत्र है और विश्व का सर्वोच्च लोकतंत्र है। इस लोकतंत्र की वह प्रथम नागरिक हैं, वह आदिवासी समाज से आई महिला हैं। आदिवासी समाज से आने वाली महिला कभी बेचारी नहीं हो सकती है। सोनिया गांधी के शब्द अनुचित हैं।”

कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा, “हमारी सरकार के काम सोनिया गांधी को कहां से अच्छे लगेंगे। इसलिए वह ऐसे बयान दे रही हैं।”

सांसद जगदंबिका पाल ने कहा, “सोनिया गांधी को पार्लियामेंट्री डेमोक्रेसी का भी ज्ञान नहीं है। देश की जनता इसलिए उनको नकार रही है। बजट के पहले दिन राष्ट्रपति दोनों सदनों को संबोधित करती हैं। इसके बाद बजट पर चर्चा होनी शुरू हो जाती है। देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति के लिए ऐसी टिप्पणी नहीं की जा सकती है। इस टिप्पणी के बाद सोनिया गांधी सदन में रहने लायक नहीं हैं। उनको तुरंत माफी मांगनी चाहिए।”

भाजपा नेता दिनेश शर्मा ने कहा, “आदिवासी, भालू, बंदरों का जिक्र रामायण तक में आता है। एक आदिवासी महिला पर टिप्पणी कांग्रेस की आंतरिक दशा को दर्शाता है। उनको इस पर माफी मांगनी चाहिए।”

बता दें कि कांग्रेस सांसद सोनिया गांधी ने संसद के बजट सत्र के पहले दिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के संबोधन पर टिप्पणी करते हुए कहा कि वह अंत तक काफी थकी हुई नजर आ रही थीं। सोनिया गांधी ने कहा, “वह बेहद थकी हुई लग रही थीं और आखिर में बोलने में भी कठिनाई हो रही थी। बेचारी महिला।”

वहीं, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी राष्ट्रपति के भाषण पर प्रतिक्रिया दी। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने इसे उबाऊ करार दिया और कहा कि इसमें कोई नई बात नहीं थी।

Leave feedback about this

  • Service