N1Live National भाजपा सांसदों ने कहा, राहुल गांधी के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए
National

भाजपा सांसदों ने कहा, राहुल गांधी के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए

BJP MPs said action should be taken against Rahul Gandhi.

11 फरवरी । पूर्व सेना प्रमुख मनोज मुकुंद नरवणे की किताब पर चल रहे विवाद पर आए उनके एक्स पोस्ट के बाद भाजपा सांसदों ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को निशाने पर लिया। भाजपा सांसदों ने मांग की है कि राहुल गांधी के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

भाजपा सांसद संजय जायसवाल ने कहा कि राहुल गांधी सिर्फ मामलों को सनसनीखेज बनाना जानते हैं। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने किताब की लाइनें सत्यापित की हैं, जिसमें कहा गया है, ‘मैं इसे सत्यापित करता हूं।’ हालांकि, जब हमने बाद में मामले को वेरिफाई किया, तो यह साफ हो गया कि वह सरासर झूठ बोलते हैं। एक तरफ, उन्होंने पूरे सदन के सामने कहा कि वह इसे सत्यापित कर रहे हैं, लेकिन दूसरी तरफ, उन्होंने अपने बयान पर साइन भी नहीं किए। ऐसे व्यक्ति पर कार्रवाई होनी चाहिए। किताब कहां पर प्रकाशित हुई है? नरवणे भी कह रहे हैं कि किताब प्रकाशित नहीं हुई है। राहुल गांधी द्वारा फर्जी सेटअप तैयार किया गया। राहुल गांधी पर कार्रवाई होनी चाहिए।

भाजपा सांसद अजय भट्ट ने कहा कि सब जानते हैं कि विपक्ष गलत जानकारी फैला रहा है। यह सबको पता है। आप नियमों और कानून के दायरे में ही बोल सकते हैं। आप उससे आगे नहीं बोल सकते। सदन के दायरे से बाहर के मामले यहां नहीं उठाए जा सकते।

भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि पेंगुइन इंडिया प्रकाशन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि उनकी कोई भी किताब, चाहे पीडीएफ, किंडल, डिजिटल या फिजिकल फॉर्म में हो, पब्लिश नहीं हुई है। जब किताब पब्लिश ही नहीं हुई है, तो राहुल गांधी को यह कैसे मिली? जनरल नरवणे के हालिया बयान से भी यह कन्फर्म होता है कि किताब पब्लिश नहीं हुई है। राहुल गांधी की हिम्मत है तो पूरी किताब दिखाएं, नहीं तो देश से माफी मांगें।

भाजपा सांसद शशांक मणि त्रिपाठी ने कहा कि मैंने भी यही कहा था कि यह झूठ का पुलिंदा है। पहले, जब उन्होंने अपने भाषण में कहा, तो उन्होंने दावा किया कि एक किताब है। पांच मिनट बाद, जब उन्हें चुनौती दी गई, तो उन्होंने कहा कि कोई किताब नहीं है। अगले दिन, वह एक किताब लेकर आए, जबकि हम सभी जानते थे कि किताब पब्लिश नहीं हुई थी। तो उन्होंने इसे किसी से छपवाया होगा। अब तो नरवणे ने भी इस बात की पुष्टि की है, तो राहुल गांधी को माफी मांगनी चाहिए। सदन की कार्यवाही जो बार-बार बाधित हुई है, इसके लिए भी राहुल गांधी को माफी मांगनी चाहिए।

Exit mobile version