N1Live National बंगाल के मालदा में भाजपा समर्थक की हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार
National

बंगाल के मालदा में भाजपा समर्थक की हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार

BJP supporter murdered in Bengal's Malda, two accused arrested

7 मई । पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के इंग्लिश बाजार इलाके में भाजपा समर्थक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। पुलिस ने गुरुवार को बताया कि इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, घटना बुधवार देर रात इंग्लिश बाजार नगरपालिका के वार्ड नंबर-1 स्थित गदुआ मोड़ इलाके में हुई। मृतक की पहचान 28 वर्षीय किशन हल्दार के रूप में हुई है।

परिजनों का आरोप है कि बुधवार रात कुछ लोगों ने किशन को फोन कर घर से बाहर बुलाया था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। बाद में उसका शव घर से करीब 500 मीटर दूर महेशपुर के बागानपाड़ा इलाके से बरामद किया गया। शव के पास से एक बड़ा चाकू भी मिला है।

पुलिस का प्रारंभिक अनुमान है कि किशन की हत्या धारदार हथियार से हमला कर की गई। घटना में उसके दो दोस्त भी घायल बताए जा रहे हैं। मामले में पड़ोसी गोलाम हल्दार और उसके बेटे सुमन हल्दार समेत कई लोगों के खिलाफ आरोप लगाए गए हैं।

भाजपा ने हालांकि इस घटना को राजनीतिक हत्या मानने से इनकार किया है। पार्टी का कहना है कि इलाके के कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि किशन का गोलाम हल्दार और सुमन हल्दार के साथ पहले से विवाद चल रहा था। भाजपा ने यह भी दावा किया कि आरोपियों का किसी राजनीतिक दल से संबंध नहीं है।

घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया, जिसके बाद केंद्रीय बल और पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

गौरतलब है कि 4 मई को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद राज्य के कई हिस्सों से चुनाव बाद हिंसा की घटनाएं सामने आई हैं। कहीं तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट और पार्टी कार्यालयों में तोड़फोड़ की खबरें आई हैं, तो कहीं भाजपा कार्यकर्ताओं को निशाना बनाए जाने की घटनाएं सामने आई हैं। पुलिस ने कहा है कि हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version