N1Live National भाजपा ने पुलवामा अध्यक्ष शौकत अंद्राबी को किया निलंबित, जबरन वसूली के आरोप में एफआईआर के बाद एक्शन
National

भाजपा ने पुलवामा अध्यक्ष शौकत अंद्राबी को किया निलंबित, जबरन वसूली के आरोप में एफआईआर के बाद एक्शन

BJP suspends Pulwama president Shaukat Andrabi after FIR on extortion charges

भारतीय जनता पार्टी ने जम्मू-कश्मीर इकाई में अनुशासन को लेकर बड़ा कदम उठाया है। पार्टी ने पुलवामा के जिला अध्यक्ष इंजीनियर सैयद शौकत गयूर अंद्राबी को जबरन वसूली के आरोप में दर्ज एफआईआर के चलते तत्काल प्रभाव से सभी पदों से निलंबित कर दिया है।

भाजपा जम्मू-कश्मीर के राज्य महासचिव और राष्ट्रीय परिषद सदस्य मोहम्मद अनवर खान द्वारा जारी निलंबन आदेश के अनुसार, यह कार्रवाई पार्टी की अनुशासनात्मक समिति के अध्यक्ष एडवोकेट सुनील सेठी की सिफारिशों के बाद की गई है। इस संबंध में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद सत शर्मा (सीए) तथा महासचिव मोहम्मद अनवर खान के साथ भी परामर्श किया गया।

आदेश में कहा गया है कि इंजीनियर सैयद शौकत गयूर अंद्राबी के खिलाफ जबरन वसूली का मामला दर्ज होने के बाद पार्टी ने उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही शुरू करने का निर्णय लिया है। जांच प्रक्रिया पूरी होने तक उन्हें भारतीय जनता पार्टी के सभी संगठनात्मक पदों और जिम्मेदारियों से निलंबित रखा जाएगा। इसमें पुलवामा जिले के जिला अध्यक्ष का पद भी शामिल है।

पार्टी ने स्पष्ट किया है कि निलंबन अवधि के दौरान अंद्राबी किसी भी पार्टी मंच पर पार्टी का प्रतिनिधित्व नहीं कर सकेंगे और न ही उन्हें कोई संगठनात्मक दायित्व सौंपा जाएगा। अनुशासनात्मक समिति मामले की विस्तृत जांच कर अपनी रिपोर्ट पार्टी नेतृत्व को सौंपेगी, जिसके बाद आगे का निर्णय लिया जाएगा।

भाजपा ने इस आदेश के जरिए यह संदेश भी दिया है कि पार्टी सार्वजनिक जीवन में पारदर्शिता, ईमानदारी और नैतिक मूल्यों से कोई समझौता नहीं करेगी। निलंबन आदेश में कहा गया, “पार्टी सार्वजनिक जीवन में अनुशासन, ईमानदारी और नैतिकता के उच्चतम मानकों को बनाए रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराती है।”

बता दें कि इंजीनियर सैयद शौकत गयूर अंद्राबी पिछले कई वर्षों से पुलवामा जिले में बीजेपी संगठन को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे। उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर के बाद पार्टी के भीतर और बाहर इस मुद्दे पर चर्चा तेज हो गई थी।

Exit mobile version