पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर टीएमसी और भाजपा नेताओं में जुबानी जंग तेज है और एसआईआर को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।
भाजपा नेता निसिथ प्रमाणिक ने दावा किया है कि इस बार भाजपा बहुत मजबूत स्थिति में है और बंगाल में कमल अवश्य खिलेगा।
कोलकाता में उन्होंने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि निश्चित तौर पर बंगाल में भाजपा की सरकार बनेगी। इस बार हम पिछली बार की तुलना में 100 अधिक सीटें जीतने में सफल रहेंगे। भारी बहुमत के साथ हम सरकार बनाएंगे।
एसआईआर को लेकर ममता बनर्जी के दिल्ली दौरे और सुप्रीम कोर्ट में हुई सुनवाई को लेकर निसिथ प्रमाणिक ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट में ममता बनर्जी गईं, लेकिन सवाल यह है कि सुप्रीम कोर्ट में ममता बनर्जी गईं तो क्या हुआ। सवाल यह है कि वे ऐसा क्यों कर रही हैं, किसको बचाने का प्रयास कर रही हैं। सीएम ममता बनर्जी बताएं कि क्या वे यह सब रोहिंग्या और बांग्लादेशियों को बचाने के लिए कर रही हैं, जिनके अवैध वोट के दम पर वे सत्ता में बनी हुई हैं।
भाजपा नेता ने कहा कि बंगाल की जनता इसके लिए तैयार नहीं है। एसआईआर के बाद मृत वोटर वोटर लिस्ट में नहीं रहेंगे और बंगाल में टीएमसी नहीं रहेगी।
उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी मृत वोटरों को वोटर लिस्ट में बनाए रखना चाहती हैं। मृत वोटरों का वोट किधर जाएगा, यह सभी को पता है। बहुत से कार्यकर्ता की शिकायत रही है कि चुनाव के दौरान मृत वोटर का वोट टीएमसी के उम्मीदवारों को जाता है। पिछले दो बार टीएमसी की सरकार भी मृत वोटरों के नाम पर ही बनी थी। ममता बनर्जी इसलिए परेशान हैं, क्योंकि जब मृत वोटरों के नाम हट जाएंगे तो वे चुनाव कैसे जीतेंगी।
भाजपा नेता ने कहा कि टीएमसी के साथ भले ही दूसरे दल गठबंधन करें या बाहर से बैटिंग करें, भाजपा पर इसका कोई फर्क नहीं पड़ेगा। बंगाल की सत्ता में भाजपा आएगी। हम भारी संख्या में सीटें जीतने वाले हैं। पिछली बार की तुलना में 100 सीटें ज्यादा आने वाली हैं।
उन्होंने कहा कि मेरी डिक्शनरी में हार-जीत का शब्द नहीं है। मैं सिर्फ जीतने में विश्वास करता हूं।

