दिल्ली की छतरपुर विधानसभा सीट पर भाजपा उम्मीदवार करतार सिंह तंवर ने जीत हासिल की है। उन्हें कुल 80,469 वोट मिले, जबकि आम आदमी पार्टी (आप) के प्रत्याशी ब्रह्म सिंह तंवर 74,230 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर रहे। कांग्रेस उम्मीदवार राजेंद्र सिंह तंवर को महज 6,601 वोट मिले। इस सीट पर मुख्य मुकाबला भाजपा और आम आदमी पार्टी के बीच था, जिसमें भाजपा ने जीत दर्ज की।
जीत के बाद करतार सिंह तंवर ने कहा कि यह भारतीय जनता पार्टी के एक-एक कार्यकर्ता की जीत है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील को जनता के समर्थन की बड़ी वजह बताया। उन्होंने कहा, “पीएम मोदी पर यकीन कर पूरी दिल्ली की जनता भाजपा के साथ गई है। दिल्ली की जनता चाहती है कि राजधानी विकसित हो और मोदी जी का विजन अब संभव होगा। यही कारण है कि भाजपा को जीत मिली है।”
उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने दिल्ली को एक विकसित शहर बनाने का जो संदेश दिया, उसे जनता ने स्वीकार किया। उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित शीर्ष नेतृत्व के योगदान को भी इस जीत का महत्वपूर्ण कारण बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन ने पूरी मेहनत से चुनाव प्रचार किया, जिसका परिणाम जनता के विश्वास के रूप में सामने आया।
बता दें कि करतार सिंह तंवर ने 2020 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के टिकट पर जीत हासिल की थी, लेकिन 2024 में उन्होंने पार्टी से इस्तीफा देकर भाजपा का दामन थाम लिया। भाजपा में शामिल होने के बाद उन्हें प्रत्याशी बनाया गया और उन्होंने जीत दर्ज की।
बता दें कि दिल्ली में 27 साल बाद भाजपा की सत्ता वापसी हुई है। चुनाव आयोग के नतीजों के अनुसार, भाजपा ने 30 सीटों पर जीत हासिल की है और 18 पर बढ़त बनाए हुए है। आम आदमी पार्टी ने 15 सीटों पर जीत दर्ज की और 7 सीटों पर आगे चल रही है। कांग्रेस का इस चुनाव में भी खाता नहीं खुला है।
इस चुनावी परिवर्तन में, आप के नेता अरविंद केजरीवाल नई दिल्ली सीट से और मनीष सिसोदिया जंगपुरा सीट से हार गए हैं। हालांकि, मुख्यमंत्री आतिशी ने कालकाजी सीट पर विजय प्राप्त की है। सत्येंद्र जैन भी चुनाव हार गए हैं। हार के बाद केजरीवाल ने कहा – “हम हार को स्वीकार करते हैं। भाजपा को जीत की बधाई। जनता ने उन्हें बहुमत दिया है। मुझे उम्मीद है कि वे लोगों की आकांक्षाओं पर खरे उतरेंगे।”
उधर, भाजपा के मुख्यालय पर उत्सव का माहौल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शाम 7 बजे पार्टी के मुख्यालय पहुंचकर कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
Leave feedback about this