N1Live National कृष्णा नगर में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, अनिल गोयल बोले- जनता का म‍िल रहा अपार समर्थन
National

कृष्णा नगर में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, अनिल गोयल बोले- जनता का म‍िल रहा अपार समर्थन

BJP's show of strength in Krishna Nagar, Anil Goyal said - getting immense support from the public

दिल्ली में विधानसभा चुनाव प्रचार थमने से एक दिन पहले रव‍िवार को कृष्णा नगर विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी ने बाइक रैली निकाली। इस रैली में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। इस अवसर पर भाजपा उम्मीदवार डॉक्टर अनिल गोयल ने कहा कि जनता का अपार समर्थन मिल रहा है और यह रैली दर्शाती है कि भाजपा चुनाव में जीत की ओर अग्रसर है।

डॉक्टर अनिल गोयल ने कहा कि आम जनता भाजपा के साथ खड़ी है और उन्हें आशीर्वाद दे रही है। उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने मिडिल क्लास को बड़ी राहत दी है। बजट में 12 लाख रुपये तक की कमाई को टैक्स फ्री करने के फैसले को उन्होंने ऐतिहासिक कदम बताया। उनके अनुसार, भाजपा सरकार हमेशा आम आदमी, गरीब और मध्यम वर्ग के कल्याण के बारे में सोचती है, और यही कारण है कि जनता का झुकाव पार्टी की ओर बढ़ रहा है।

इस रैली में सड़कों पर बाइक रैली के दौरान पार्टी समर्थकों ने भाजपा के समर्थन में नारे लगाए और झंडे लहराए। भाजपा प्रत्याशी ने कहा कि उनकी पार्टी की नीतियां जनता को पसंद आ रही हैं और चुनाव प्रचार के दौरान उन्हें लोगों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा की सरकार बनने पर विकास कार्यों को और तेज किया जाएगा, इससे आम लोगों को और अधिक लाभ मिलेगा।

बता दें कि चुनाव प्रचार के आखिरी दिनों में पार्टी अपने उम्मीदवारों के समर्थन में पूरी ताकत झोंक रही है। कृष्णा नगर विधानसभा में भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने के लिए इस रैली को रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

रैली के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी इसे देखने के लिए उमड़े। भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि जनता के बीच पार्टी की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है और यह चुनाव परिणामों में भी साफ नजर आएगी। डॉक्टर अनिल गोयल ने कहा कि जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए भाजपा पूरी तरह तैयार है और आने वाले दिनों में पार्टी के विकास कार्यों को और गति दी जाएगी।

Exit mobile version