N1Live National झारखंड के गिरिडीह में सदर अस्पताल के पूर्व उपाधीक्षक का शव कुएं से बरामद, जांच में जुटी पुलिस
National

झारखंड के गिरिडीह में सदर अस्पताल के पूर्व उपाधीक्षक का शव कुएं से बरामद, जांच में जुटी पुलिस

Body of former Deputy Superintendent of Sadar Hospital recovered from a well in Giridih, Jharkhand; police investigating.

झारखंड के गिरिडीह जिले में सोमवार को सदर अस्पताल के पूर्व उपाधीक्षक (डीएस) डॉ बीएन झा का शव पचंबा थाना क्षेत्र के लखारी स्थित एक सार्वजनिक कुएं से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पचंबा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, डॉ. झा सोमवार सुबह प्रतिदिन की तरह मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले थे। कुछ समय बाद स्थानीय लोगों ने लखारी स्थित सार्वजनिक कुएं में एक शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान की। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और उनके परिचित घटनास्थल पर पहुंच गए।

डॉ झा गिरिडीह सदर अस्पताल में उपाधीक्षक के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके थे और चिकित्सा क्षेत्र में उनकी पहचान एक वरिष्ठ एवं अनुभवी चिकित्सक के रूप में थी। उनके निधन की सूचना मिलते ही चिकित्सा जगत और स्थानीय लोगों में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत के कारणों के संबंध में कोई निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी। घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए गए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि डॉ झा कुएं तक कैसे पहुंचे और घटना किन परिस्थितियों में हुई।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्यों और जांच के निष्कर्षों के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

Exit mobile version