उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के थाना सैंया क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक दिन पहले लापता हुए व्यक्ति का शव उसके ही खेत में पड़ा मिला। शव मिलने की खबर से पूरे गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
एसीपी रविकांत गौड़ ने इस मामले में जानकारी देते हुए बताया कि मामला लादू खेड़ा गांव का है। गांव निवासी सुरेश त्यागी पुत्र जगदीश ने 26 नवंबर 2026 को थाना सैंया में पहुंचकर अपने भाई पुनीत त्यागी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी।
सुरेश ने पुलिस को बताया कि उनका भाई पुनीत अचानक गायब हो गया है और काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल रहा है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्काल गुमशुदगी दर्ज कर ली और पुनीत की तलाश के लिए दो विशेष टीमों का गठन किया।
पुलिस टीमें पुनीत की तलाश में जुटी ही थी कि अगले दिन यानी 27 नवंबर 2026 को परिजनों ने पुलिस को सूचना दी कि पुनीत का शव उनके खेत में पड़ा हुआ है। गांव के लोग भी बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए।
सूचना मिलते ही थाना सैंया की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। इसके साथ ही उच्चाधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। मौके की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया। दोनों टीमों ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। डॉग स्क्वॉड ने आसपास के इलाके में भी जांच की, ताकि घटना के बारे में कोई सुराग मिल सके।
एसीपी रविकांत गौड़ ने बताया कि पुलिस ने मौके पर ही शव का पंचनाम भरने की कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।
