N1Live National बेंगलुरु में कारोबारी का अपहरण कर 1.09 करोड़ की लूट, सात पर मुकदमा दर्ज
National

बेंगलुरु में कारोबारी का अपहरण कर 1.09 करोड़ की लूट, सात पर मुकदमा दर्ज

Businessman kidnapped and robbed of ₹1.09 crore in Bengaluru; case registered against seven individuals.

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के बाहरी इलाके में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक कारोबारी और उसके चालक का कथित रूप से अपहरण कर 1.09 करोड़ रुपये लूट लिए गए। पुलिस ने इस मामले में सात अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, यशवंतपुर निवासी आर.आई. शिवाशंकर एक सुरक्षा एजेंसी का संचालन करते हैं। उन्होंने बताया कि वह लंबे समय से प्राचीन धातुओं (एंटीक मेटल) के कारोबार से जुड़े रहे हैं और विजयवाड़ा के मोहम्मद परवेज, गिप्सन तथा हैदराबाद के अलीम को करीब दस वर्षों से जानते हैं। चारों ने मिलकर ‘अमेरिकन न्यूक्लियर रिसर्च सेंटर’ नाम से कारोबार शुरू करने की योजना बनाई थी और पिछले एक वर्ष से निवेश कर रहे थे।

शिवाशंकर के अनुसार, 13 जून को उनके सहयोगियों ने कोडिगेहल्ली स्थित एक होटल में उन्हें 35 लाख रुपए नकद दिए थे, जिन्हें उन्होंने अपने घर पर सुरक्षित रखा। इसके बाद 15 जून को उन्होंने और उनके चालक ने येलहंका स्थित श्रेयस रेजिडेंसी से 74 लाख रुपए और प्राप्त किए तथा कार से अपने घर के लिए रवाना हुए।

शिकायत में कहा गया है कि रात करीब 11:05 बजे येलहंका-हेब्बल-गोरगुंटेपल्या-मदनायकनहल्ली मार्ग पर कुडुरेगेरे कॉलोनी के पास गणेश मंदिर के निकट दो व्यक्तियों ने ड्यूक मोटरसाइकिल और पांच अन्य लोगों ने एर्टिगा कार से उनकी कार को रोक लिया। आरोप है कि हमलावरों ने चाकू और बीयर की बोतलों के साथ कारोबारी और चालक के साथ मारपीट की तथा उन्हें जबरन एर्टिगा कार में बैठा लिया। इसके बाद आरोपियों ने उनकी होंडा अमेज कार को अपने कब्जे में ले लिया।

शिवाशंकर ने आरोप लगाया कि उन्हें नेलमंगला के पास एक जंगल क्षेत्र में ले जाया गया, जहां आरोपियों ने और धन की मांग करते हुए जान से मारने की धमकी दी। जब उन्होंने बताया कि उनके घर पर 35 लाख रुपए रखे हुए हैं, तो आरोपी चालक को उनके घर भेजकर व्हाट्सऐप कॉल के जरिए उनकी पत्नी से बात करवाने लगे। आरोप है कि शिवाशंकर के निर्देश पर उनकी पत्नी ने चालक के साथ गए आरोपियों को 35 लाख रुपए सौंप दिए।

शिकायत के अनुसार, बाद में आरोपियों ने कारोबारी और चालक के मोबाइल फोन लौटाए और उन्हें घटना की जानकारी पुलिस को न देने की चेतावनी देकर एर्टिगा कार और ड्यूक मोटरसाइकिल से फरार हो गए। बाद में जब शिवाशंकर ने अपनी होंडा अमेज कार की डिक्की की जांच की, तो उसमें रखे 74 लाख रुपए भी गायब मिले।

पीड़ित ने बताया कि सभी आरोपी कन्नड़ और हिंदी भाषा में बातचीत कर रहे थे। घटना के दौरान वह वाहनों के पंजीकरण नंबर नोट नहीं कर सके। उन्होंने यह भी कहा कि लूटी गई रकम कथित रूप से ‘राइस पुलिंग’ और एंटीक लेन-देन से जुड़ी होने तथा रकम बहुत अधिक होने के कारण उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराने में देरी की।

वहीं, मदनायकनहल्ली पुलिस ने 16 जून को सात अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 140(2) और 310(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।

Exit mobile version