N1Live National उत्तराखंड के मसूरी में 500 मीटर गहरी खाई में कार पलटी, चार लोगों की मौत
National

उत्तराखंड के मसूरी में 500 मीटर गहरी खाई में कार पलटी, चार लोगों की मौत

Car overturns into 500-meter-deep gorge in Mussoorie, Uttarakhand; four dead.

10 जून । उत्तराखंड के मसूरी में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक कार के लगभग 500 मीटर गहरी खाई में गिर जाने से चार लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद आईटीबीपी, एसडीआरएफ, पुलिस, फायर सर्विस और चिकित्सा विभाग की टीमों ने संयुक्त रूप से बड़े पैमाने पर राहत एवं बचाव अभियान चलाया।

यह हादसा सुबह करीब 9 बजे झड़ीपानी-कोलूखेत शॉर्टकट मार्ग पर हुआ। अधिकारियों के अनुसार, पुलिस कंट्रोल रूम (112) को सुबह 9:16 बजे सूचना मिली कि झड़ीपानी रोड पर एक वाहन गहरी खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस, एसडीआरएफ, फायर ब्रिगेड और 108 एंबुलेंस सेवा की टीमें तत्काल मौके पर पहुंच गईं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे से पहले कार एक सड़क किनारे दुकान पर रुकी थी। कार में सवार लोगों ने दुकानदार को बताया था कि वे उत्तरकाशी से आ रहे हैं। कुछ सामान खरीदने के बाद जैसे ही सभी लोग वापस कार में बैठे, वाहन अचानक तेज गति से ढलान की ओर लुढ़कने लगा।

बताया जा रहा है कि चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिसके बाद कार सड़क से बाहर निकलकर खाली जमीन पार करते हुए करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।

पुलिस ने मृतकों की पहचान हरियाणा के सोनीपत निवासी सत्यप्रकाश, 19 वर्षीय मनीत, गाजियाबाद के नेहरू नगर निवासी 48 वर्षीय सविता (धर्मवीर की पत्नी) और दिल्ली के करोल बाग निवासी 46 वर्षीय संगीता (टिटू की पत्नी) के रूप में की है।

खाई की अत्यधिक गहराई, घने पेड़-पौधों और झाड़ियों के कारण बचाव दलों को रेस्क्यू अभियान में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद टीमों ने सभी चार शवों को बाहर निकाला।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि ढलान पर उतरते समय कार के ब्रेक फेल होने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि हादसे के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए मसूरी के क्षेत्राधिकारी और देहरादून के पुलिस अधीक्षक (सिटी) सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है और कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।

Exit mobile version