June 12, 2026
National

बदलापुर में महिला और कैब ड्राइवर की मौत का मामला: 3 साल के बच्चे के बयान से जांच में आया नया मोड़

Case of the deaths of a woman and a cab driver in Badlapur: Investigation takes a new turn following the statement of a 3-year-old child.

12 जून । महाराष्ट्र के बदलापुर में महिला और कैब ड्राइवर की मौत के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। घटना के समय महिला का तीन वर्षीय बेटा भी कार में मौजूद था, जिसके बयान ने मामले की जांच को नया मोड़ दे दिया है।

ठाणे के बदलापुर शहर के जिवेली गांव में पिछले दिन एक महिला और ओला कैब ड्राइवर के शव मिले थे, जिससे सनसनी फैल गई। मृत महिला की पहचान मनीषा भोसले के रूप में हुई, जबकि मृत ओला कैब ड्राइवर गणेश शिंदे घाटकोपर का रहने वाला था।

प्रारंभिक पूछताछ में महिला के तीन वर्षीय बेटे ने पुलिस को बताया कि “ड्राइवर काका (कैब ड्राइवर) ने मेरी मां की हत्या की।” बच्चे के इस बयान के बाद पुलिस अब इस दिशा में भी जांच कर रही है। हालांकि, इसके बाद ओला चालक गणेश शिंदे की मौत कैसे हुई, यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चालक की हत्या हुई या उसने आत्महत्या की।

डीसीपी सचिन गोरे ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद बदलापुर पुलिस मौके पर पहुंची थी और पंचनामा कर जांच पूरे मामले की शुरू की थी। पुलिस के अनुसार, मनीषा भोसले जिवेली गांव की निवासी थीं, जबकि उनके पति घाटकोपर में चाय का व्यवसाय करते हैं।

महिला और कैब ड्राइवर के बीच क्या संबंध थे, दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था या नहीं और इस दोहरे मौतकांड के पीछे की असली वजह क्या है, इन अलग-अलग पहलुओं की जांच पुलिस कर रही है। फॉरेंसिक रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और तकनीकी जांच के आधार पर मामले की पड़ताल जारी है।

डीसीपी सचिन गोरे ने कहा, “हम तकनीकी डेटा और दूसरे सबूतों के आधार पर आगे बढ़ रहे हैं। मामले की जांच डबल मर्डर के नजरिए से की जा रही है। हम बच्चों से मिली जानकारी के आधार पर भी जांच कर रहे हैं।”

हालांकि, इस सनसनीखेज घटना से बदलापुर शहर में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है।

Leave feedback about this

  • Service