आस्था और भक्ति को समर्पित लोकआस्था के महापर्व छठ की शुरुआत शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ हुई। इस अवसर पर श्रद्धालु यमुना नदी के आईटीओ घाट पर पहुंचे और पवित्र स्नान कर पूजा-अर्चना की। वहीं, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि छठ के गीतों में परिवार की पूरी पीढ़ी की याद आ जाती है। यह पर्व स्वच्छता, शुचिता और पवित्रता के साथ-साथ सामूहिकता का परिचय देता है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा, “लोकआस्था के इस महापर्व की जब शुरुआत होती है तो अपने आप में एक-एक बिहारवासी, एक-एक देशवासी, जो हिंदू परंपराओं के साथ इस पूजा से जुड़े हैं, सबके अंदर आस्था का एक अलग सैलाब देखने को मिलता है। छठ के गीतों में जिस प्रकार से परिवार की पूरी पीढ़ी ध्यान में आ जाती है कि हमारी दादी ने कैसे किया, हमारे पूर्वजों ने कैसे इस पर्व को किया।”
उन्होंने कहा कि मैं मानता हूं कि इतने बड़े परिवार का भाव किसी पूजा पद्धति में शायद ही देखने को मिलता है, जहां एक ओर प्रकृति की भी पूजा है, भगवान भास्कर से लेकर गंगा मैया तक की, और हमारे प्रसादों का, जो अलग-अलग दिनों में अलग-अलग प्रकार के बनते हैं, उनका एक अलग महत्व होता है। हमारे किसान भाइयों का भी इस पूरी पूजा पद्धति में एक अलग स्थान देखने को मिलता है।”
उन्होंने कहा कि यह पूजा हमारी स्वच्छता, शुचिता, पवित्रता के साथ-साथ सामूहिकता का एक बहुत बड़ा परिचय देती है। छठ पर्व तो हमारे घर-परिवार में होता है, इसलिए बचपन से ही यह आस्था जुड़ी है।
इसके अलावा, आस्था और भक्ति को समर्पित महापर्व छठ पूजा की शुरुआत आज दिल्ली में हुई। चार दिवसीय महापर्व का शुभारंभ नहाय-खाय के साथ हुआ। इस अवसर पर श्रद्धालु यमुना नदी के आईटीओ घाट पर पहुंचे, जहां उन्होंने पवित्र स्नान किया और पूजा-अर्चना की।
वहीं, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “लोक आस्था और सूर्य उपासना के पावन महापर्व छठ पूजा के प्रथम अनुष्ठान ‘नहाय-खाय’ की आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। इस बार दिल्ली में छठ महापर्व और भी भव्य होगा। मुनक नहर के दोनों किनारों पर 11 किलोमीटर लंबे सुंदर छठ घाट तैयार किए गए हैं, ताकि आप सभी पूरे श्रद्धाभाव और सुविधा के साथ छठी मैया की पूजा कर सकें। छठी मैया से प्रार्थना है कि हर परिवार पर उनकी कृपा बनी रहे, हर घर में सुख, शांति और समृद्धि आए।”

