N1Live National अहमदाबाद-गांधीनगर रिवरफ्रंट और जीटीयू परिसर के प्रोजेक्ट का मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने किया निरीक्षण
National

अहमदाबाद-गांधीनगर रिवरफ्रंट और जीटीयू परिसर के प्रोजेक्ट का मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने किया निरीक्षण

Chief Minister Bhupendra Patel inspected the Ahmedabad-Gandhinagar Riverfront and GTU campus projects.

6 जून । गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने राज्य में चल रहीं महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लेने के लिए विभिन्न स्थलों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने अहमदाबाद से गांधीनगर तक विकसित किए जा रहे साबरमती रिवरफ्रंट परियोजना के कार्यों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण तरीके से काम पूरा करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने साबरमती रिवरफ्रंट विकास परियोजना के तीनों चरणों का स्थल निरीक्षण किया। अधिकारियों ने उन्हें परियोजना की वर्तमान स्थिति और अब तक हुए कार्यों की जानकारी दी। इस परियोजना के तहत अहमदाबाद से गांधीनगर तक लगभग 37.60 किलोमीटर लंबे क्षेत्र का विकास किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार यह परियोजना पूरी होने के बाद क्षेत्र के लोगों को बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं मिलेंगी और यह स्थान एक प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में भी विकसित होगा।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री को बताया गया कि नर्मदा नहर के कराई क्षेत्र से पीडीईयू, पीडीईयू से शाहपुर पुल और शाहपुर पुल से चिलोडा पुल तक लगभग 17.20 किलोमीटर क्षेत्र में विकास कार्य जल संसाधन विभाग की ओर से किए जा रहे हैं। इस परियोजना का उद्देश्य क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करना और आसपास के इलाकों की संपर्क व्यवस्था को बेहतर बनाना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गांधीनगर महानगर क्षेत्र और गिफ्ट सिटी के आसपास रहने वाले लोगों को इस परियोजना से विशेष लाभ मिलेगा। इसके साथ ही सड़क संपर्क और अन्य आधारभूत सुविधाओं का भी विस्तार किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने गांधीनगर के निकट लेकावाड़ा में बन रहे गुजरात प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के नए परिसर का भी निरीक्षण किया। लगभग 100 एकड़ भूमि पर विकसित हो रहे इस परिसर के निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को जानकारी दी कि साबरमती रिवरफ्रंट परियोजना के तीनों चरणों का कार्य वर्ष 2027 के अंत तक पूरा होने की संभावना है जबकि गुजरात प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के नए परिसर का निर्माण अगले वर्ष अक्टूबर तक पूरा होने की उम्मीद है।

इस अवसर पर जल संसाधन राज्य मंत्री ईश्वर सिंह पटेल, मुख्यमंत्री के सलाहकार एस.एस राठौर तथा वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे और उन्होंने परियोजनाओं से संबंधित विस्तृत जानकारी मुख्यमंत्री को दी।

Exit mobile version