N1Live National सीएम मोहन यादव की कार्रवाई, सीधी कलेक्टर और गुना एसपी को तत्काल प्रभाव से हटाया
National

सीएम मोहन यादव की कार्रवाई, सीधी कलेक्टर और गुना एसपी को तत्काल प्रभाव से हटाया

Chief Minister Mohan Yadav removed Sidhi Collector and Guna SP with immediate effect.

22 मार्च । मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को सीधी जिला मुख्यालय में आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सीधी के कलेक्टर और गुना के एसपी को तत्काल प्रभाव से हटा दिया।

सीएम मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि सीधी जिला मुख्यालय में आकस्मिक निरीक्षण किया। इसमें जनता एवं जनप्रतिनिधिगणों की शिकायतों, जिला प्रशासन तथा विभिन्न विभागों की विस्तृत समीक्षा एवं फीडबैक के आधार पर जिला कलेक्टर स्वरोचित सोमवंशी को तत्काल प्रभाव से हटाने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने आगे कहा कि महाप्रबंधक जिला सहकारी बैंक पीएस धनवाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए। अधिकारी जहां काम कर रहे हैं, उनको जवाबदेही से काम करना चाहिए। जवाबदेही उनकी नियुक्ति के साथ ही होती है।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दूसरे ‘एक्स’ पोस्ट में कहा कि गुना जिले में तलाशी में मिली नकद राशि के प्रकरण में पुलिस अधीक्षक की भूमिका को यथोचित न मानते हुए तत्काल प्रभाव से जिला पुलिस अधीक्षक, गुना अंकित सोनी को हटाने के निर्देश दिए हैं। प्रशासनिक शिथिलता, लापरवाही, अथवा अनियमितता किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी। जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी और दोषियों पर कठोरतम कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

बता दें कि इससे पहले सीएम मोहन यादव ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज भारत में सर्वाधिक समय तक शासन प्रमुख के रूप में सेवा का कीर्तिमान स्थापित किया है। अपार जन-समर्थन की इस अभूतपूर्व उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री जी को हार्दिक बधाई एवं अभिनंदन।

उन्होंने आगे कहा कि ‘विकसित भारत’ के ध्येय के साथ गरीब कल्याण से लेकर वैश्विक मंच पर हर क्षेत्र में देश की प्रतिष्ठा बढ़ी है। आपके दूरदर्शी नेतृत्व ने देश को विकास और सुशासन की नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। मां भगवती आपको ऊर्जावान बनाए रखें, आपके नेतृत्व में भारत निरंतर प्रगति, समृद्धि और वैभव के पथ पर अग्रसर रहे। अनंत मंगलकामनाएं।

Exit mobile version