N1Live National चिराग दिल्ली में 43 गायों को बचाने वाले वालेंटियर्स का सम्मान, सौरभ भारद्वाज ने उठाए गंभीर सवाल
National

चिराग दिल्ली में 43 गायों को बचाने वाले वालेंटियर्स का सम्मान, सौरभ भारद्वाज ने उठाए गंभीर सवाल

Chirag felicitates volunteers who rescued 43 cows in Delhi, while Saurabh Bhardwaj raises serious questions.

2 मार्च । आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने चिराग दिल्ली क्षेत्र में 43 गायों को अवैध व्यापार से बचाने वाले गौ रक्षा वालेंटियर्स को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि जो लोग गायों को कूड़ा खिलाकर उनका दूध निकालते हैं, वे समाज के लिए कलंक हैं।

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने एमसीडी, पुलिस प्रशासन और कथित गौ-तस्करी नेटवर्क पर गंभीर आरोप लगाए। सौरभ भारद्वाज ने कहा कि चिराग दिल्ली, ग्रेटर कैलाश, कोटला और मालवीय नगर जैसे इलाकों में गायों की स्थिति दयनीय है। सड़कों और कूड़े के ढेरों पर पॉलिथीन खाती गायें आम दृश्य बन चुकी हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि एक संगठित गिरोह सुबह मोटरसाइकिल से गायों को इकट्ठा कर नाले के पास ले जाता है, वहां उनका दूध निकालता है और फिर उन्हें दिनभर कूड़ा खाने के लिए सड़कों पर छोड़ देता है। शाम को दोबारा दूध निकालने की यही प्रक्रिया दोहराई जाती है।

उन्होंने दावा किया कि विधानसभा समिति की जांच में एक गौशाला के रिकॉर्ड में 5000 गायें दर्ज थीं, लेकिन मौके पर केवल 2700 गायें मिलीं। बाकी गायों को कागजों में मृत दिखाया गया था।

भारद्वाज के मुताबिक, यह एक बड़े स्तर का अवैध कारोबार है। उन्होंने कहा कि भारत विश्व में गाय के मांस का दूसरा सबसे बड़ा निर्यातक है और सवाल उठाया कि यह मांस आखिर कहां से आ रहा है। पॉलिथीन खाने से गायों की मौत पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गायों की आंतों में भारी मात्रा में प्लास्टिक मिलने की पुष्टि हुई है। इससे न केवल पशुओं की जान जा रही है, बल्कि बीमार गायों का दूध पीने से लोगों की सेहत भी खतरे में पड़ रही है।

उन्होंने दावा किया कि बीमार गायों का दूध पॉश इलाकों तक पहुंच रहा है, जिससे किडनी, लीवर और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है।

भारद्वाज ने एमसीडी अधिकारियों पर आरोप लगाया कि वे गाय मालिकों से ‘हफ्ता’ लेने के कारण कार्रवाई नहीं करते।

उन्होंने बताया कि घटना वाले दिन पुलिस सीमा विवाद में उलझी रही और एमसीडी के अधिकारी घंटों तक मौके पर नहीं पहुंचे। बाद में उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पुलिस आयुक्त को ट्वीट कर मामले की जानकारी दी।

कार्यक्रम में उन्होंने गौ रक्षा में जुटे युवाओं की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने निजी कामों से ऊपर उठकर समाज सेवा का उदाहरण पेश किया है।

उन्होंने समाज से अपील की कि जो लोग स्वार्थवश गायों को सड़कों पर छोड़ देते हैं, उनका सामाजिक बहिष्कार किया जाए। इस अवसर पर आम आदमी पार्टी के नेताओं ने भी युवाओं का उत्साहवर्धन किया और भविष्य में गौ संरक्षण के लिए सख्त कदम उठाने की बात कही।

Exit mobile version