N1Live Entertainment 6 साल बाद फिर चर्चा में आया ‘क्लास ऑफ 83’ का किरदार, अनूप सोनी बोले- ‘सबसे दिलचस्प भूमिकाओं में से एक’
Entertainment

6 साल बाद फिर चर्चा में आया ‘क्लास ऑफ 83’ का किरदार, अनूप सोनी बोले- ‘सबसे दिलचस्प भूमिकाओं में से एक’

'Class of '83' character back in the spotlight after 6 years; Anup Soni calls it 'one of the most interesting roles'.

अभिनेता और टीवी होस्ट अनूप सोनी ने अपनी क्राइम थ्रिलर फिल्म ‘क्लास ऑफ 83′ के छह साल पूरे होने पर फिल्म से जुड़ी यादें ताजा की हैं। उन्होंने इस फिल्म में निभाए किरदार को अपने करियर के सबसे दिलचस्प रोल्स में से एक बताया। अनूप ने सोशल मीडिया पर फिल्म से जुड़ी कुछ तस्वीरें शेयर कीं और बताया कि इस फिल्म में काम करना उनके लिए क्यों यादगार रहा। इस दौरान उन्होंने निर्देशक अतुल सभरवाल का भी शुक्रिया अदा किया।

अनूप सोनी ने इंस्टाग्राम पर फिल्म की कुछ तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, ”’क्लास ऑफ 83’ को छह साल पूरे हो गए हैं। फिल्म में निभाया गया किरदार मेरे करियर का सबसे दिलचस्प रोल है। इस किरदार को निभाने के दौरान मुझे एक ही व्यक्ति की जिंदगी के अलग-अलग दौर को दिखाने का मौका मिला, जिसके चलते यह किरदार मेरे लिए बाकी किरदारों से थोड़ा अलग और खास बन गया।”

अनूप ने कहा, ”फिल्म में मुझे एक राजनेता का किरदार निभाना था, जिसकी जिंदगी करीब 20 साल के अलग-अलग समय में दिखाई गई। मेरे के लिए यह समझना जरूरी था कि समय के साथ उस व्यक्ति का व्यक्तित्व और उसका अंदाज किस तरह बदलता है। फिल्म ने मुझे एक राजनेता को कई पहुलओं से निभाने का मौका दिया। मैंने इस पूरी प्रक्रिया को काफी एन्जॉय लिया।”

उन्होंने आगे बताया, ”मैंने अपने किरदार के लुक और उसके अलग-अलग पड़ावों को तैयार करने में काफी मेहनत की। एक ही व्यक्ति को अलग उम्र और अलग परिस्थितियों में दिखाना मेरे लिए अभिनय के तरीके से काफी दिलचस्प अनुभव था।”

अनूप ने फिल्म के सेट से अपनी कुछ तस्वीरें भी साझा कीं, जिनमें वह अपने किरदार में नजर आए। एक तस्वीर में वह अभिनेता बॉबी देओल के साथ भी दिखाई दिए।

इस फिल्म के अनुभव को याद करते हुए अनूप सोनी ने निर्देशक अतुल सभरवाल का खास तौर पर शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा, ”अतुल सभरवाल के निर्देशन और पूरी टीम की वजह से यह प्रोजेक्ट मेरे लिए यादगार बन पाया। मैं फिल्म से जुड़े सभी लोगों को धन्यवाद देता हूं कि उन्होंने मेरा इतना सहयोग किया। इस प्रोजेक्ट का हिस्सा बनना मेरे लिए एक यादगार अनुभव रहा।”

‘क्लास ऑफ 83’ में अनूप सोनी ने मुख्यमंत्री मनोहर पाटकर का किरदार निभाया था। वहीं बॉबी देओल फिल्म में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक विजय सिंह की भूमिका में नजर आए थे। फिल्म की कहानी पुलिस और अपराध की दुनिया के इर्द-गिर्द घूमती है और इसमें कई ऐसे किरदार दिखाए गए हैं, जिनकी अपनी अलग कहानी है। गीतिका त्यागी ने बॉबी देओल के किरदार की पत्नी सुधा सिंह की भूमिका निभाई थी, जबकि भूपेंद्र जदावत प्रमोद शुक्ला के किरदार में नजर आए थे।

‘क्लास ऑफ 83’ का निर्देशन अतुल सभरवाल ने किया था और इसे रेड चिलीज एंटरटेनमेंट ने बनाया था। फिल्म 21 अगस्त 2020 को नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई थी।

Exit mobile version