2 मार्च । बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सैदपुर भूमिगत नाला निर्माण के साथ-साथ सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान पटना प्रमंडल के आयुक्त अनिमेष परासर एवं जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम ने मुख्यमंत्री को इस योजना के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।
निरीक्षण के दौरान सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि हमने पहले भी इसे आकर कई बार देखा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सैदपुर नाले का बेहतर ढंग से जीर्णोद्धार कर इसके ऊपर फोर लेन सड़क का निर्माण कार्य तेजी से पूर्ण करें।
उन्होंने इस योजना को लेकर कहा कि इसके पूर्ण होने से सैदपुर, राजेन्द्र नगर, मुसल्लहपुर हाट, गायघाट और पहाड़ी क्षेत्र में ट्रैफिक जाम की समस्या समाप्त होगी तथा न्यू पटना बाईपास से जुड़ने का लोगों को एक वैकल्पिक मार्ग की सुविधा मिलेगी। फोर लेन सड़क बन जाने से शहरवासियों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलने के साथ-साथ शहर भी खूबसूरत दिखेगा।
बता दें कि पटना के नौ ड्रेनेज पंपिंग स्टेशन एवं एक सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के पानी का बहाव सैदपुर नाला के माध्यम से होता है। नगर विकास विभाग के अंतर्गत बिहार शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड (बुडको) के द्वारा 259.81 करोड़ रुपए की लागत से सैदपुर नाला पर पहाड़ी तक भूमिगत नाला के साथ सड़क का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इस नाला की लंबाई 5.61 किलोमीटर है।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने बाकरगंज भूमिगत नाला निर्माण के साथ-साथ सड़क निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया। इस दौरान सीएम नीतीश ने इस कार्य को तेजी और बेहतर ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। इसके पूर्ण होने से इस क्षेत्र में जल निकासी बेहतर होगी और जलजमाव की समस्या नहीं रहेगी। नाले के ऊपर सड़क बनने से इस क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा। बाकरगंज नाला पटना शहर के भीतरी हिस्से में स्थित एक मुख्य ड्रेनेज (नाला) है। यह नाला शहर के कई भागों, बाजारों एवं आवासीय इलाकों के बीच से गुजरता है। वर्षा के समय जल निकासी के लिए यह एक अहम मार्ग है। इस परियोजना के तहत लगभग 1.4 किलोमीटर लंबी सड़क नाले के ऊपर बनाई जा रही है जिससे ट्रैफिक और जल निकासी दोनों बेहतर होंगे।

