N1Live Entertainment लता मंगेशकर की पुण्यतिथि पर सीएम योगी, धामी समेत कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
Entertainment

लता मंगेशकर की पुण्यतिथि पर सीएम योगी, धामी समेत कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

CM Yogi, Dhami and several other leaders paid tribute to Lata Mangeshkar on her death anniversary.

6 फरवरी । भारतीय संगीत की स्वर कोकिला और भारत रत्न से सम्मानित लता मंगेशकर की पुण्यतिथि पर देशभर में उन्हें याद किया जा रहा है। विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेताओं ने सोशल मीडिया के माध्यम से उनकी साधना, मधुर स्वर और भारतीय संस्कृति में उनके अमर योगदान को श्रद्धांजलि अर्पित की।

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “भारतीय संगीत को अपनी दिव्य स्वर साधना से विश्व पटल पर प्रतिष्ठित करने वाली स्वर कोकिला, ‘भारत रत्न’ लता मंगेशकर की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। उनका अद्वितीय गायन और संगीत के प्रति समर्पण कला जगत के लिए एक अमूल्य धरोहर है, जो सदैव हमारे हृदय में जीवंत रहेगी।”

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लिखा, “भारतीय संगीत कला को वैश्विक पहचान दिलाने वाली स्वर कोकिला, ‘भारत रत्न’ लता मंगेशकर की पुण्यतिथि पर कोटि-कोटि नमन। आपकी अद्वितीय संगीत साधना ने न केवल भारतीय संगीत प्रेमियों को भावविभोर किया, बल्कि सुरों के माध्यम से भारतीय सांस्कृतिक चेतना को विश्व पटल पर प्रतिष्ठित करने का महान कार्य भी किया।”

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने लिखा, “भारत रत्न लता मंगेशकर की पुण्यतिथि पर उन्हें सादर नमन। लता मंगेशकर ने भारतीय संगीत को समृद्ध करने के साथ ही उसे वैश्विक पहचान दिलाई। उनके स्वरों में भक्ति, देशप्रेम, करुणा और संवेदना का ऐसा समावेश था, जो हर पीढ़ी के हृदय से जुड़ गया। लता दीदी की गायकी भारतीय संस्कृति की आत्मा का स्वरूप थी, जो समय के साथ और अधिक अमर होती चली जाएगी। संगीत, संस्कार और साधना के रूप में वे सदैव हमारी स्मृतियों में जीवित रहेंगी।”

उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने लिखा, “मां सरस्वती की परम साधिका, ‘स्वर कोकिला’ के नाम से विख्यात, ‘भारत रत्न’ लता मंगेशकर की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। उनकी मधुर वाणी ने भारतीय संगीत को आत्मा दी तथा देशभक्ति और मानवीय भावनाओं को सुरों में पिरोकर उन्होंने पीढ़ियों के हृदय को स्पर्श किया।”

भाजपा सांसद रवि किशन ने लिखा, “भारतीय संगीत को अपनी दिव्य स्वर साधना से विश्व पटल पर प्रतिष्ठित करने वाली स्वर कोकिला, ‘भारत रत्न’ लता मंगेशकर की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। उनका अद्वितीय गायन और संगीत के प्रति समर्पण कला जगत के लिए एक अमूल्य धरोहर है, जो सदैव हमारे हृदय में जीवंत रहेगी।”

यूपी भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने लिखा, “स्वर कोकिला, ‘भारत रत्न’ लता मंगेशकर की पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि। अपनी सुरीली आवाज से भारतीय संगीत को विश्व पटल पर प्रतिष्ठा दिलाने वाली स्वर कोकिला के मधुर स्वर युगों-युगों तक इस संसार को और अधिक संगीतमय, संवेदनशील और सुंदर बनाते रहेंगे।”

Exit mobile version